बजट सत्र में सीएम योगी का ऐलान: यूपी डिजिटल लेनदेन में देश में नंबर वन

बजट सत्र में सीएम योगी का ऐलान: यूपी डिजिटल लेनदेन में देश में नंबर वन
लखनऊ, 4 मार्च: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बजट पर चर्चा के दौरान यूपी की प्रगति पर कई अहम बातें रखीं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश डिजिटल लेनदेन के मामले में देश में नंबर वन है। 2017-18 में जहां डिजिटल ट्रांजेक्शन मात्र 122.84 करोड़ रुपये था, वहीं 2024-25 (दिसंबर 2024 तक) में यह बढ़कर 1024.41 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आधे से अधिक लेनदेन यूपीआई के माध्यम से हुए हैं।
डीबीटी से भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) योजना ने भ्रष्टाचार की कमर तोड़ दी है। उन्होंने इसे “बजरंग बली की गदा” बताते हुए कहा कि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों को सीधा पैसा उनके खाते में भेजा जा रहा है। प्रदेश में 11 विभागों की 207 योजनाओं के तहत एक वर्ष में 9.08 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 1.11 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इस प्रणाली से 10 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है।
गांवों तक डिजिटल क्रांति और मजबूत बैंकिंग तंत्र
सीएम योगी ने बताया कि डिजिटल बैंकिंग को आसान बनाने के लिए गांवों तक इंटरनेट और वाई-फाई की सुविधा दी गई है। यूपी में 20,416 बैंक शाखाएं, 4 लाख बैंक मित्र, 18,747 एटीएम और 4.40 लाख बैंकिंग केंद्र कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि 2016-17 में बैंकों में 12.75 लाख करोड़ रुपये जमा थे, जो अब बढ़कर 29.66 लाख करोड़ रुपये हो चुके हैं।
एफडीआई और रोजगार में बड़ा उछाल
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) में जबरदस्त वृद्धि हुई है। 2000 से 2017 तक जहां प्रदेश में मात्र 3,303 करोड़ रुपये का एफडीआई आया था, वहीं 2017 से 2024 तक यह बढ़कर 14,008 करोड़ रुपये हो गया। इससे यह स्पष्ट है कि यूपी निवेश के लिहाज से आकर्षक प्रदेश बन गया है।
बेरोजगारी दर पर आई गिरावट
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यूपी की बेरोजगारी दर 17-19% थी, जो अब घटकर 3.4% रह गई है। अन्य राज्यों की तुलना में यूपी की स्थिति बेहतर हुई है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि 20 करोड़ रुपये बेरोजगारी भत्ते के नाम पर बांटने के लिए सपा ने 15 करोड़ रुपये सिर्फ समारोह में खर्च कर दिए थे।
यूपी की अर्थव्यवस्था हो रही मजबूत
सीएम ने बताया कि यूपी प्रोजेक्ट फाइनेंसिंग में 16.2% की दर से देश में शीर्ष पर है। प्रधानमंत्री जनधन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना में यूपी पहले स्थान पर है। इनकम टैक्स रिटर्न भरने में भी यूपी देश में दूसरे स्थान पर आ चुका है।
“यूपी सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है,” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा।



