अंबाला कैंट बस स्टैंड पर ₹5 में भरपेट भोजन, अनिल विज ने किया क्लाउड किचन का उद्घाटन

अंबाला,03 फरवरी : हरियाणा के श्रम, ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने अंबाला कैंट बस स्टैंड पर “क्लाउड किचन” का उद्घाटन किया। इस पहल के तहत राहगीरों, रोडवेज स्टाफ और जरूरतमंदों को मात्र ₹5 में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
आस्था फाउंडेशन द्वारा संचालित इस क्लाउड किचन में दाल, सब्जी, चावल और रोटी परोसी जाएगी। यह पहल अंबाला सिविल अस्पताल में पहले से संचालित ₹5 थाली योजना की तर्ज पर शुरू की गई है, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को सस्ता और पौष्टिक भोजन मिल रहा है।

हरियाणा के अन्य बस अड्डों पर भी खुलेगी क्लाउड किचन!
उद्घाटन के दौरान अनिल विज ने कहा कि अगर अन्य सामाजिक संस्थाएं भी आगे आती हैं, तो सरकार हरियाणा के अन्य बस स्टैंडों पर भी ऐसी किचन शुरू करने पर विचार करेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल पांच बस अड्डों पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत बेहतर भोजन की योजना चल रही है।
इस पहल से यात्रियों, बस स्टाफ और जरूरतमंदों को सस्ता और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलेगा। आस्था फाउंडेशन के इस प्रयास से हरियाणा में सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर भोजन सेवा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाया गया है।



