हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं को मिलेगा नया आयाम: 24 अप्रैल को पंचकूला में राज्य स्तरीय समारोह

पंचकूला,22 अप्रैल। हरियाणा सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने के लिए 24 अप्रैल को पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में एक राज्यस्तरीय समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायती राज प्रणाली को और मजबूत बनाना है, साथ ही जनप्रतिनिधियों, विशेषकर महिला प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करना है। समारोह में प्रदेशभर से हजारों पंचायती राज प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे, जिनमें महिला प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या होगी, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधन भी प्रसारित किया जाएगा। इसमें पंचायती राज संस्थाओं की कार्यप्रणाली, विकास कार्यों के लिए फंड का सही उपयोग और पारदर्शिता को बढ़ावा देने पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश में वर्तमान में लगभग 80,000 निर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधि कार्यरत हैं, जिनमें आधी संख्या महिलाओं की है। सरकार का उद्देश्य पंचायती राज प्रणाली को और प्रभावी बनाकर ग्रामीण विकास में गति लाना है।



