हरियाणा सरकार का बड़ा कदम: खिलाड़ियों के लिए नई सुविधाएं और कैश अवार्ड पोर्टल का शुभारंभ

चंडीगढ़, 22 अप्रैल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य के खेल स्टेडियमों और खेल नर्सरियों में आने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता दी जाए। इसके साथ ही उत्कृष्ट खेलों पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक्सीलेंस सेंटर भी स्थापित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने ये निर्देश सोमवार देर शाम सचिवालय में खेल विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। इस बैठक में राज्य के खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता, कानून विधायी राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम भी मौजूद थे।
नए पोर्टल से मिलेगा कैश अवार्ड और स्कॉलरशिप का लाभ
बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक नई कैश अवार्ड और स्कॉलरशिप प्रबंधन प्रणाली के पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से खिलाड़ी अब आसानी से स्कॉलरशिप और कैश अवार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे। इस प्रणाली से खिलाड़ियों को पारदर्शी तरीके से लाभ मिलेगा। अब तक 2014 से लेकर अब तक 16,305 खिलाड़ियों को 599.43 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार मिल चुका है।
खेल सुविधाओं में होगी बडीं सुधार
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में तीन राज्य स्तरीय, 21 जिला स्तरीय, 25 उपमंडल स्तरीय और 163 राजीव गांधी खेल परिसर सहित 245 मिनी ग्रामीण स्टेडियम हैं। इन जगहों पर खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अगले वित्तीय वर्ष तक नर्सरियों की संख्या 2000 तक बढ़ाने का लक्ष्य है।
क्रिकेट स्टेडियम की सूरत बदलने की योजना
पलवल में एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खेल परिसर बनाने की योजना पर भी चर्चा की गई। इसमें क्रिकेट स्टेडियम, बहुउद्देश्यीय हॉल, बैडमिंटन हॉल, बॉक्सिंग हॉल और फिटनेस सेंटर सहित 35,000 से 50,000 दर्शकों की बैठने की क्षमता होगी। इस परिसर के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। साथ ही, पंचकूला और फरीदाबाद स्थित क्रिकेट स्टेडियम में भी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मान्यता देने के लिए नए उपाय
मुख्यमंत्री ने खेल नर्सरियों में आयोजित मुकाबलों के बारे में भी सुझाव दिए, जिसमें खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर काबिलियत के अनुसार तराशा जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाए, ताकि उनके हुनर को निखारा जा सके।
महिला खिलाड़ियों के लिए विशेष सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने महिला खिलाड़ियों के लिए स्टेडियमों में विशेष सुविधाओं की बात भी की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और शौचालय की अलग व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे उनकी सहूलियत में कोई कमी न हो।
समय-समय पर निरीक्षण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए कि समय-समय पर स्टेडियमों और नर्सरियों का औचक निरीक्षण किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।



