Haryana

हरियाणा में तहसील और उप-तहसील परिसीमन में बड़े बदलाव, सब कमेटी ने की नई सिफारिशें

चंडीगढ़, 28 मई — हरियाणा सरकार ने तहसील और उप-तहसील परिसीमन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में हुई सब कमेटी की बैठक में जिले और तहसीलों के पुनर्गठन के लिए चार मुख्य सिफारिशें की गईं। ये निर्णय प्रदेश के प्रशासनिक सुधार और ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से लिए गए हैं।

तहसील और उप-तहसील में परिसीमन के प्रमुख फैसले

  • यमुनानगर जिले के गांव चाहड़वाला को उप-तहसील सरस्वती नगर से तहसील बिलासपुर में स्थानांतरित करने की सिफारिश।

  • गांव रुपोली को तहसील रादौर से उप-तहसील सरस्वती नगर में शामिल करने का प्रस्ताव।

  • सिरसा जिले के मलिकपुर, किंगरे, नौरंग, बनवाला और मिठड़ी गांवों को तहसील कालांवाली से तहसील डबवाली में स्थानांतरित करने की सिफारिश।

  • झज्जर जिले के बिलोचपुरा, भिण्डावास और शाहजहांपुर गांवों को माननहेल से झज्जर तहसील में शामिल करने का प्रस्ताव।

बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  श्याम सिंह राणा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव व वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा भी उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सब कमेटी सक्रिय

 कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर प्रदेश में नए जिले, तहसील, उप-तहसील के गठन के लिए सब कमेटी गठित की गई है। कमेटी को अब तक 69 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कुछ को मंजूरी दी गई है। बाकी प्रस्तावों को पुनः जिला उपायुक्तों से रिपोर्ट तलब कर आगामी बैठक में विचार किया जाएगा।

तहसील, उप-तहसील और उप-मंडल के लिए निर्धारित मानदंड

कमेटी ने तहसील, उप-तहसील और उप-मंडल बनाने के लिए स्पष्ट मानदंड तय किए हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • उप-तहसील: कम से कम 10 गांव, 5 से 10 पटवार सर्कल, 60,000 से अधिक जनसंख्या, 15,000 हेक्टेयर या अधिक क्षेत्रफल, और मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूरी।

  • तहसील: 20 या अधिक गांव, 2 उप-तहसील, 5 से अधिक पटवार सर्कल, 80,000 या अधिक जनसंख्या, 15,000 हेक्टेयर क्षेत्रफल, और उपमंडल से 15 किलोमीटर दूरी।

  • उप-मंडल: 40 या अधिक गांव, 1 या अधिक तहसील/उप-तहसील, 15 या अधिक पटवार सर्कल, 2.5 लाख या अधिक जनसंख्या, 15,000 हेक्टेयर क्षेत्रफल, और जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर या अधिक दूरी।

  • नए जिलों के लिए: 125 से 200 गांव, 1-2 उपमंडल, 1-3 तहसील/उप-तहसील, 4 लाख या अधिक जनसंख्या, 80,000 हेक्टेयर क्षेत्रफल, और अन्य जिला मुख्यालय से 25-40 किलोमीटर दूरी।

नए जिलों के प्रस्ताव पर भी काम जारी

उन्होंने यह भी बताया कि गोहाना, हांसी, असंध, सफीदों और डबवाली को नए जिले बनाने के प्रस्ताव कमेटी के पास आ चुके हैं, जिन पर भी कार्य प्रगति पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button