हरियाणा में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस होगा धूमधाम से मनाया, एक लाख से अधिक लोग होंगे शामिल

चंडीगढ़, 28 मई – हरियाणा राज्य इस बार 21 जून को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को योगमय बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। जिला कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग एक लाख से अधिक लोग भाग लेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विश्व विख्यात योग गुरु बाबा रामदेव भी शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 2015 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मंजूरी दी थी, जिसे तब 177 देशों ने समर्थन दिया था। आज पूरी दुनिया योग को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ रही है।
इस बार योग दिवस की थीम है – “Yoga for One Earth, One Health” (एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग)। मुख्यमंत्री ने बताया कि केवल राज्य स्तरीय ही नहीं, बल्कि हर जिले और 121 ब्लॉकों में खंड स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसके अलावा, प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे, जिसमें मंत्री, सांसद, विधायक, अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल होंगे।
योग के साथ-साथ इस बार ‘स्वस्थ भारत, स्वस्थ हरियाणा’ के साथ “योगयुक्त हरियाणा – नशामुक्त हरियाणा” का भी आगाज होगा। मुख्यमंत्री ने नशे को समाज से जड़ से खत्म करने का संकल्प जताया। इसके तहत 10 लाख पौधारोपण का भी अभियान शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे इस योग दिवस को योग महोत्सव की तरह मनाएं और अपने घरों, पार्कों या खुले स्थानों पर योग करें, ताकि पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का संदेश मिले। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है, लोगों को घबराने की जरूरत नहीं।
यह योग दिवस हरियाणा के लिए स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।



