राहुल गांधी के स्वागत में कांग्रेस हरियाणा पूरी तरह जुटी: 69 ऑब्जर्वर और पूर्व नेताओं की टीम सक्रिय

चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के आगामी दौरे को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। संगठन सृजन अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश में 69 ऑब्जर्वर और 8 अतिरिक्त ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। कांग्रेस के इन पर्यवेक्षकों में 16 पूर्व विधायक और एक पूर्व सांसद भी शामिल हैं, जो संगठन के हर जिले में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने मीडिया को बताया कि AICC की ओर से लगाए गए एक ऑब्जर्वर के साथ तीन प्रदेश ऑब्जर्वर जिलों में भ्रमण कर संगठन निर्माण का फीडबैक लेंगे।
हरिप्रसाद ने बताया कि गुजरात में संगठन सृजन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही हरियाणा में भी जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। इस बार जिला अध्यक्षों के चुनाव में एक नया तरीका अपनाया जा रहा है, जिसमें पिछले पांच साल तक पार्टी सेवा करने वाले कार्यकर्ता दावेदारी कर सकते हैं। एआईसीसी और पीसीसी के ऑब्जर्वर सभी दावेदारों से बातचीत करेंगे। इसके लिए पार्टी कार्यालय से आवेदन फॉर्म भी उपलब्ध होंगे।
यदि किसी जिले में एक नाम पर सर्वसम्मति नहीं बन पाती है, तो 3-4 नामों का पैनल बनाया जाएगा, जिसे सेंट्रल इलेक्शन कमेटी के समक्ष रखा जाएगा। अगले एक महीने के भीतर नए जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, जिसके बाद प्रदेश के अन्य पदों की नियुक्तियां भी होंगी।
नेता विपक्ष के लिए भी एक कमेटी बनाई गई है, जिसने ऑब्जर्वर रिपोर्ट्स का विश्लेषण कर उच्च नेतृत्व को सौंप दी हैं। यदि ऑब्जर्वर विजिट के दौरान किसी जिले में अनुशासनहीनता पाई जाती है, तो पार्टी कड़ी कार्रवाई करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने इस अवसर पर पीसीसी ऑब्जर्वर्स की सूची जारी की। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, सहप्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रफुल सहप्रभारी, मीडिया प्रभारी चाँदवीर हुड्डा और केवल ढींगरा भी मौजूद थे।
हरियाणा कांग्रेस का उद्देश्य राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाकर संगठन को मजबूती देना और 2025 तक पार्टी की पकड़ प्रदेश भर में मजबूत करना है।



