Himachal

हिमाचल प्रदेश बस हादसा: 150 फीट गहरी खाई में गिरी HRTC की बस, 7 लोगों की मौत, 23 घायल

मंडी, हिमाचल प्रदेश | 24 जुलाई 2025 :  हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस सरकाघाट-जामनी-दुर्गापुर मार्ग पर मसेरन तालगरा के पास अचानक बेकाबू होकर 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 यात्री घायल हो गए। हादसे के समय बस में कुल 35 यात्री सवार थे।


हादसे की जानकारी

बस (HP-28-A-3717) सुबह 9 बजे जामनी से सरकाघाट की ओर निकली थी। करीब पौने 10 बजे तीखे मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया।


SP मंडी की पुष्टि

SP मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा:

“7 यात्रियों की मौत हो चुकी है और 23 घायल हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।”


अस्पताल की बदहाली पर भड़के विधायक

सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे और गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा:

“यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यहां न अल्ट्रासाउंड है, न एम्बुलेंस। ऐसी व्यवस्था के साथ हम आपात स्थिति में लोगों की जान कैसे बचाएंगे? यह मामला मैं विधानसभा में जरूर उठाऊंगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button