NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक विवाद के बाद NTA का बड़ा फैसला
दोबारा होगी परीक्षा, नई तारीख जल्द होगी घोषित
Asheesh srivastava
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बाद NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। इस फैसले के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में हलचल मच गई है।
NTA की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी। एजेंसी ने साफ किया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
देशभर में उठे थे सवाल
3 मई 2026 को आयोजित हुई इस परीक्षा के बाद कई राज्यों से पेपर लीक और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर भी परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। मामले ने तूल पकड़ा तो केंद्र सरकार ने जांच एजेंसियों से रिपोर्ट मांगी।
CBI जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने CBI जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक कैसे हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे।
छात्रों के भविष्य को देखते हुए फैसला
सरकार और NTA का कहना है कि छात्रों के भविष्य और परीक्षा की निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा निर्णय लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो, इसलिए परीक्षा दोबारा कराई जाएगी।
लाखों छात्रों की बढ़ी चिंता
परीक्षा रद्द होने के बाद अब लाखों छात्रों की तैयारी और एडमिशन प्रक्रिया प्रभावित होगी। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई, वहीं कुछ छात्रों ने निष्पक्ष परीक्षा के लिए फैसले का समर्थन भी किया।




