अंबाला नागरिक अस्पताल से हत्या का आरोपी फरार, पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी छुड़ाई
अंबाला नागरिक अस्पताल से हत्या का आरोपी फरार, पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी छुड़ाई
अंबाला: हरियाणा के जगाधरी जेल से इलाज के लिए अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल लाया गया हत्या का आरोपी हवालाती राजबीर सोमवार को पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस की लापरवाही इतनी रही कि आरोपी ने न सिर्फ हथकड़ी खोल ली, बल्कि खुद को लोई (कंबल) से ढककर अस्पताल से बाहर निकलने में कामयाब हो गया।
कैसे हुआ फरार?
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और चुपचाप अस्पताल से बाहर निकल गया। रविवार रात को सीने में दर्द की शिकायत के बाद यमुनानगर की गारद (पुलिस सुरक्षा टीम) ने मुस्तफाबाद निवासी राजबीर को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लाया था। गारद में चार पुलिसकर्मी और होमगार्ड का जवान तैनात था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में होमगार्ड जवान अस्पताल के हार्ट सेंटर के बाहर नजर नहीं आया।
बैड पर बंधी मिली हथकड़ी
राजबीर हत्या के आरोप में कई महीनों से जेल में बंद था। अस्पताल में उसे बैड से ही हथकड़ी लगाकर बांधा गया था, जबकि पुलिसकर्मी बाहर गेट पर तैनात थे। इसी दौरान आरोपी ने चालाकी से हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और खुद को लोई में लपेटकर चुपचाप बाहर निकल गया। जब पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे, तो बैड पर ही हथकड़ी बंधी मिली।
पुलिस और सीआईए की टीमें आरोपी की तलाश में
घटना के बाद पुलिस और क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) की टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस पर उठे सवाल
चार पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हवालाती कैसे फरार हुआ?
होमगार्ड जवान अस्पताल के बाहर क्यों नजर नहीं आया?
आरोपी को अस्पताल में कड़ी निगरानी में क्यों नहीं रखा गया?
अब पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं, लेकिन इस फरारी ने सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक को उजागर कर दिया है।



