राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग पर अब परिवार में रार, कांग्रेस विधायक इसराइल के बेटे ने तोड़ा पिता से नाता

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। इसका असर कांग्रेस पार्टी पर ही नहीं बल्कि परिवार पर भी दिख रहा है। दरअसल हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल पर राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का आरोप लगा है, इसी से नाराज उनके बेटे नाजिम चौधरी ने बड़ा कदम उठाते हुए सार्वजनिक रूप से अपने पिता से सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान कर दिया। नाजिम चौधरी ने कहा कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से कांग्रेस से जुड़ा है। उनकी पहचान पार्टी के साथ ही बनी है। उन्होंने अपने पिता पर राहुल गांधी के विश्वास तोड़ने का आरोप लगाया।
नाजिम ने अपने बयान में साफ कहा कि उनकी विरासत ईमानदारी और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे पर आधारित है, अगर परिवार का ही कोई सदस्य इन मूल्यों से समझौता करता है, तो उसके साथ रहना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि चंद फायदे के लिए पार्टी से गद्दारी करना उनके सिद्धांतों के खिलाफ है। यही वजह है कि उन्होंने अपने पिता से दूरी बनाने का कठिन फैसला लिया, भले ही यह निजी तौर पर उनके लिए कितना ही मुश्किल क्यों ना हो। नाज़िम चौधरी ने कहा कि मैं आज से ये घोषणा करता हूं कि मेरे अपने पिता से अब कोई संबंध नहीं है, और ना ही भविष्य में कोई संबंध रहेगा। मुझे नहीं पता कि भविष्य में क्या होगा।



