नरवाना में इनेलो के प्रदेशस्तरीय युवा सम्मेलन में गरजे अभय चौटाला
कांग्रेस सांपनाथ, बीजेपी नागनाथ और एक पार्टी है बिच्छुनाथ

नरवाना/चंडीगढ़
सोमवार को नरवाना की अनाज मंडी में इनेलो ने प्रदेशस्तरीय युवा सम्मेलन किया। युवा सम्मेलन में पूरे प्रदेश से युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। यह युवा सम्मेलन युवा सेल के राष्ट्रीय प्रभारी करण चैटाला के संयोजन में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन के दौरान रानियां के विधायक अर्जुन चैटाला ने प्रभावी मंच संचालन किया। इस अवसर पर 2014 और 2019 से जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ चुके धर्मेंद्र ढुल अपने सैकड़ों साथियों सहित इनेलो में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि आज नरवाना की धरती से युवा इनेलो पार्टी से जुड़कर बीजेपी सरकार द्वारा युवाओं के साथ किए जा रहे शोषण के खिलाफ अपने हकों की लड़ाई लड़ने की शुरूआत करें। हरियाणा का युवा पूरे देश में सबसे ज्यादा मेहनती और काबिल है। बीजेपी ने ग्यारह सालों में हरियाणा के युवाओं को गर्त में धकेल दिया है।
अभय सिंह चैटाला ने कहा कि कांग्रेस सांपनाथ है, बीजेपी नागनाथ है और एक और पार्टी है जो बिच्छुनाथ है। उन्होंने कहा कि 2029 में इनेलो युवाओं की सरकार बनाएगी और 2029 के विधानसभा चुनाव में इनेलो 50 प्रतिशत टिकटें युवाओं को देगी। हमारी सरकार बनने पर प्रत्येक घर से एक युवा को सरकारी नौकरी दी जाएगी। जो युवा नौकरी से वंचित रह जाएगा, उसे 21 हजार रुपए मासिक सम्मान भत्ता दिया जाएगा। इसी तरह से युवाओं को बिना किसी ब्याज के 1 करोड़ रुपए का कर्ज दिया जाएगा ताकि युवा स्वावलंबी हो सकें। अभय सिंह चैटाला ने इस दौरान यह भी कहा कि युवा सम्मेलन की तर्ज पर ही आने वाले समय में इनेलो की ओर से राज्यस्तरीय महिला सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। अभय सिंह चैटाला 23 मार्च को शहीदी दिवस पर नरवाना के इस भव्य सम्मेलन में पहुंची भारी भीड़ से गदगद नजर आए।



