अंबाला छावनी इंडस्ट्रियल एरिया में पानी निकासी के लिए 50 करोड़ की बड़ी परियोजना, अनिल विज ने दिए आदेश

अंबाला छावनी, 9 सितंबर: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थायी और प्रभावी पानी निकासी व्यवस्था के लिए 50 करोड़ रुपए की परियोजना शुरू करने का ऐलान किया है। इस परियोजना के तहत वॉटर डिस्पोजल टैंक, बड़ी पाइपलाइन और हाईपावर पम्प लगाए जाएंगे, जिससे पानी को टांगरी नदी में सुरक्षित रूप से निकाला जा सकेगा।
पानी निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग और एचएसआईआईडीसी को निर्देश
मंत्री अनिल विज ने कहा कि इस परियोजना की पूरी योजना जनस्वास्थ्य विभाग और हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) के अधिकारियों द्वारा तैयार की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल निकासी का प्रबंधन जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए ताकि क्षेत्र में पानी भराव की समस्या समाप्त हो सके।
विज ने मंगलवार को इंडस्ट्रियल एरिया का निरीक्षण किया और कहा कि बीते तीन दिनों से लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उम्मीद है कि अगले दिन शाम तक पानी पूरी तरह निकासी हो जाएगा।
कारोबारियों की सुरक्षा के लिए स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीटीवी कैमरों की मांग
पानी निकासी के साथ-साथ उद्योगों की सुरक्षा को लेकर भी मंत्री ने कदम उठाए हैं। उन्होंने इंडस्ट्रियल एरिया की चारदीवारी पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए अपने व्यक्तिगत कोष से 30 लाख रुपए जारी किए हैं। मंत्री ने इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन से अपील की है कि वे चारदीवारी पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाएं, ताकि कारोबारियों और क्षेत्र की सुरक्षा बेहतर हो सके।



