बाबा लक्खी शाह वंजारा: हरियाणा सरकार ने जयंती समारोह में किए बड़े ऐतिहासिक फैसले

चंडीगढ़ — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाबा लक्खी शाह वंजारा की जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें नमन करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिला कुरुक्षेत्र के गांव ईशरगढ़ में स्थित बाबा लक्खी शाह बावड़ी का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। साथ ही, उनके नाम पर सामुदायिक केंद्र का निर्माण और एक प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
इस विकास कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने स्वयं 31 लाख रुपये, जबकि कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार और कुमारी आरती सिंह राव ने 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में एक चौक और एक सड़क का नाम बाबा लक्खी शाह वंजारा के नाम पर रखा जाएगा।
गुरु भक्ति, साहस और बलिदान का प्रतीक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समारोह के दौरान बाबा लक्खी शाह वंजारा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि वे एक महान बलिदानी, सच्चे श्रद्धालु और वीर योद्धा थे, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर इतिहास में अमर गाथा लिखी। उन्होंने कहा कि वंजारा समाज संघर्षशील, मेहनती और स्वाभिमानी है, जिसने न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी, बल्कि उसकी रक्षा में भी अहम भूमिका निभाई।
वंजारा समाज का गौरव और सरकारी प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने बताया कि वंजारा समाज की शहादतें इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने घुमंतू जातियों को मुख्यधारा में लाने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। अब इन परिवारों के लिए पहचान पत्र बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से वे सभी सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। करनाल, पलवल और रोहतक शहरों में गरीब घुमंतू परिवारों को प्लाट भी दिए गए हैं।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने वंजारा समाज की मेहनत और साहस की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम कर रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर पात्र व्यक्ति तक मदद पहुंचा रही है।



