लॉरेंस बिश्नोई का करीबी लक्खा अब हिरासत में, 8 दिन की पुलिस रिमांड पर

हरियाणा में अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ चल रहे अभियान में हरियाणा एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी लखविंदर उर्फ लक्खा को संयुक्त राज्य अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे हिरासत में लिया गया।
लक्खा की आपराधिक पृष्ठभूमि
एसटीएफ के मुताबिक, लखविंदर कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के चचेरे भाई अनमोल बिश्नोई का नजदीकी सहयोगी है। पिछले कई सालों से वह विदेश से हरियाणा और पंजाब में रंगदारी, वसूली और फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय रहा।
इससे पहले थाईलैंड, कंबोडिया और यूएई से भी हरियाणा के कई गैंगस्टरों को डिपोर्ट किया गया, लेकिन अमेरिका से यह पहला सफल डिपोर्टेशन है। इसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपराधियों पर शिकंजा कसने की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
हरियाणा में 6 केस दर्ज
जानकारी के अनुसार, लखविंदर 2022 से अमेरिका में रहकर अनमोल बिश्नोई के इशारों पर हरियाणा और पंजाब में गैंग की गतिविधियों को संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ पहले से 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
-
लखविंदर पर अंबाला के सेक्टर 9 पुलिस स्टेशन में केस दर्ज है
-
उस पर आरोप है कि उसने तेल कारोबारी के घर पर फायरिंग करवाई
अंबाला एसटीएफ के इंस्पेक्टर प्रतीक सिंह ने बताया कि लखविंदर को अंबाला कोर्ट में पेशी के बाद 8 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।



