दिल्ली चुनाव: जंगपुरा में अमित शाह का AAP पर बड़ा हमला

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जंगपुरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में पहली बार कोई शिक्षा मंत्री शराब घोटाले के चलते जेल गया है।
अमित शाह ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की जोड़ी को “छोटे मियां, बड़े मियां” करार देते हुए कहा कि इन्होंने दिल्ली को ठगने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने स्कूल और कॉलेज बनाने की बजाय राजधानी में शराब की दुकानें बढ़ाईं।
शाह ने भाजपा प्रत्याशी तरविंदर सिंह मरवाह के समर्थन में कहा कि सिसोदिया की हार तय है। उन्होंने कांग्रेस के फरहाद सूरी को भी एक मजबूत उम्मीदवार बताया, जिनकी मुस्लिम मतदाताओं में अच्छी पकड़ है।
अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार गरीबों की कल्याणकारी योजनाएं जारी रखेगी। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने और आतंकवाद पर नियंत्रण को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही, उन्होंने 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प दोहराया।
शाह ने भाजपा को वादे निभाने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि “मोदी की गारंटी पत्थर पर खींची लकीर” है।



