ChandigarhHaryana

विपक्ष अफवाह फैलाकर लोगों को कर रहा है भ्रमित :CM नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है, वह केवल अफवाह फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। भारत एवं अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील से देशभर के उद्योगपति खुश हैं और जनता के चेहरे भी खिले हुए हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रणनीति से केवल कांग्रेस के चेहरे मुरझाये हुए हैं। मुख्यमंत्री यहां हरियाणा निवास में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे।

नायब सिंह सैनी ने अपने जापान दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी इस विजिट के दौरान करीब 5000 करोड़ रूपये के निवेश हेतु एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे, इनमें से कई निवेशकों ने तो प्रदेश में जमीन चिन्हित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि विश्व की कई बड़ी कंपनियों ने भी हरियाणा में निवेश करने की इच्छा जाहिर की है ,इस दिशा में कदम भी उठाये गए हैं।

उन्होंने पिछले बजट के दौरान राज्य में प्रस्तावित 10 आईएमटी  की घोषणा के मामले में बताया कि इनमें से 6 आईएमटी स्थापित करने के लिए जगह भी चिन्हित कर ली गई है और निर्माण से संबंधित तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के अनुकूल वातावरण होने के कारण हरियाणा बाहरी निवेशकों के लिए मुख्य गंतव्य स्थल बन कर उभरा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार के आम बजट में भी उद्योगों से संबंधित कई पॉलिसी आ रही हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पंजाब दौरों को लेकर वहां मची राजनैतिक हलचल पर चुटकी लेते हुए कहा कि पंजाब में पहले कांग्रेस और अब आप पार्टी की सरकार के कारण उनका आर्थिक प्रबंधन गड़बड़ा गया है। हरियाणा आर्थिक प्रबंधन के मामले में नंबर वन है। आगामी चुनाव में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अर्थव्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

हमारे युवा भी पड़ोसी राज्यों में नौकरी कर रहे

विपक्ष द्वारा प्रदेश में एचपीएससी के तहत बाहरी युवाओं को नौकरी देने के सवाल पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवा भी पड़ौसी राज्य पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश आदि में नौकरी के लिए चयनित होते हैं तो उक्त राज्यों के युवा भी मेरिट के आधार पर हरियाणा में चयनित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता के आधार पर काम कर रही है। नायब सैनी ने बताया कि इस साल सरकार ने लगभग 36 हजार युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी दी है , फिलहाल 12500 रिक्तियों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है , इनमें लगभग 5500 रिक्तियों को भरने के लिए पुलिस विभाग में प्रक्रिया चल रही है।

अज्ञात बीमारी पर सरकार सजग

पलवल जिला में अज्ञात बीमारी के कारण हुई मौतों के सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि सरकार इस मामले में पूरी तरह से सजग है , स्वास्थ्य विभाग  की टीमों का गठन करके जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों के ईलाज के लिए सरकार हर संभव सहायता कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button