ChandigarhHaryana

हरियाणा में ऊर्जा इन्फ्रास्ट्रक्चर 2047 की तैयारी में, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने दी अधिकारियों को सख्त हिदायतें

चंडीगढ़, 27 मई 2025:  हरियाणा सरकार अब ऊर्जा और परिवहन क्षेत्र के इन्फ्रास्ट्रक्चर को लेकर दीर्घकालिक रणनीति पर काम शुरू कर चुकी है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने चंडीगढ़ में आयोजित हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि “बिजली निगम द्वारा स्थापित किए जा रहे सब स्टेशन और पोल 2047 के विज़न को ध्यान में रखकर बनाए जाएं” ताकि हरियाणा का ऊर्जा विभाग देश के विकास में एक मजबूत स्तंभ बन सके।

2047 को लक्ष्य बनाकर तैयार हो ऊर्जा ढांचा
विज ने कहा कि राज्य के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए मौसम और आपदाओं को ध्यान में रखते हुए बिजली संबंधी योजनाओं को लागू किया जाए।

प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा होगी प्राथमिकता
हाल ही में आई आंधी और बेमौसम बारिश से सबक लेते हुए विज ने निर्देश दिए कि नए सब स्टेशनों की स्थापना से पहले संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लिया जाए, ताकि बाढ़ या अन्य आपदाओं की स्थिति में नुकसान से बचा जा सके।

ऊर्जा व परिवहन के लिए बड़ी खरीद पर मुहर
बैठक में हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) को बिजली आपूर्ति और मरम्मत जैसे कार्यों के लिए 7-सीटर ड्यूल केबिन वाले 17 ट्रकों की खरीद की अनुमति दी गई। ये ट्रक क्षेत्रीय बिजली सेवाओं को मजबूत बनाएंगे।

वहीं, परिवहन विभाग के लिए भी अहम निर्णय लिया गया। बसों के टायरों की मरम्मत हेतु प्रीक्योरेड थ्रेड रबर, बोंडिंग गम और वैलकनाइजिंग सोल्यूशन की खरीद के लिए एजेंसी नियुक्त की गई। वर्तमान में करनाल, गुरुग्राम और हिसार में टायर मरम्मत प्लांट संचालित हैं, जिन्हें इस फैसले से मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button