मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिया खेलों में ओलंपिक पदक जीतने का बड़ा संदेश

पंचकूला, 13 सितंबर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश के खिलाड़ियों का लक्ष्य केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनका सपना ओलंपिक खेलों में पदक जीतना होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2036 के ओलंपिक खेलों में भारत को खेल महाशक्ति बनाने के विजन को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार भी हर स्तर पर तैयारी कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह बात पंचकूला में आयोजित योनेक्स-सनराइज अश्वनी गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025 के उद्घाटन समारोह में कही। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 2000 प्रतिभागी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता से खेलों को बढ़ावा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने स्वैच्छिक कोष से स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी, पंचकूला को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिससे खेलों के विकास और युवा खिलाड़ियों के सशक्तिकरण में मदद मिलेगी।
हरियाणा को खेलों का हब बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा, हरियाणा के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रौशन किया है। हमने ‘खेलें हरियाणा – बढ़े हरियाणा’ के मंत्र के तहत खेलों के लिए आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया है। 1,489 खेल नर्सरियों में 37,225 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिन्हें वित्तीय सहायता भी दी जाती है।”
उन्होंने बताया कि पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत द्वारा जीते गए 6 पदकों में से 5 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम हैं, जबकि टोक्यो ओलंपिक 2020 में 7 में से 4 पदक हरियाणा ने जीते।
खिलाड़ियों को सुरक्षित रोजगार और प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए रोजगार सुनिश्चित करने हेतु “हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021” बनाये हैं। इसके तहत 550 नए पद बनाए गए हैं और 224 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी गई है।
बैडमिंटन खेल को बढ़ावा, खिलाड़ियों को टीम भावना का संदेश
मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन को न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और तकनीकी कौशल बढ़ाने वाला खेल बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को एकजुट होकर खेलने और एक-दूसरे से सीखने की सलाह दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खुद भी बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी के चेयरमैन ज्ञानचंद गुप्ता का उद्बोधन
पंचकूला स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी के चेयरमैन एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि सोसाइटी 15 वर्षों से युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रही है और नशे की लत से दूर रखने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करती है।



