हरियाणा में सौर ऊर्जा क्रांति: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया बड़ा ऐलान, जिन घरों पर लगेगा सोलर पैनल, उनका बिजली बिल होगा शून्य

लाडवा, 30 जुलाई: हरियाणा सरकार ने प्रदेश में हर घर तक स्वच्छ ऊर्जा पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐलान किया है कि जिन घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, उन घरों का बिजली बिल शून्य हो जाएगा। यह घोषणा उन्होंने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव गुड़ी, जोगी माजरा, बकाली और निवारसी में आयोजित जनसभाओं के दौरान की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य में अंत्योदय परिवारों को 2 किलोवाट के सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 70 हजार रुपये केंद्र सरकार दे रही है और शेष राशि राज्य सरकार वहन कर रही है। सरकार ने इस साल एक लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से अब तक 26 हजार परिवारों को इसका लाभ मिल चुका है।
गांव-गांव में पहुंचेगी अधिकारियों की टीम
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की ओर से अधिकारियों की टीमें गांव-गांव जाकर पात्र परिवारों का चयन कर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया पूरी करेंगी। उन्होंने जनता से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
विकास की बयार: करोड़ों की घोषणाएं
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव गुड़ी में स्वच्छ पेयजल पाइप लाइन के लिए 23 लाख 4 हजार रुपये, गांव बकाली में 70 लाख 44 हजार रुपये और गांव जोगी माजरा में 22 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही गांव धनौरा जाटान में 2 करोड़ 73 लाख 86 हजार रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक खेल स्टेडियम का उद्घाटन भी किया।
उन्होंने बताया कि तीसरी बार सरकार बनने के बाद से ही गांव गुड़ी में 57 लाख, बकाली में 1 करोड़ 40 लाख और निवारसी में 2 करोड़ 78 लाख रुपये विकास कार्यों के लिए भेजे जा चुके हैं।
किसानों को राहत: मुआवजे के रूप में 1334 करोड़ सीधे खातों में
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल की बारिश से प्रभावित किसानों के लिए सरकार ने 1334 करोड़ रुपये का मुआवजा सीधे उनके खातों में ट्रांसफर किया है। यह कदम किसानों की चिंता को समझते हुए त्वरित राहत के रूप में उठाया गया है।



