हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 7 मार्च से, पहली बार बजट पेश करेंगे CM नायब सैनी
हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 7 मार्च से, पहली बार बजट पेश करेंगे CM नायब सैनी

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 7 मार्च 2025 से शुरू होगा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने बजट सत्र की तारीख तय कर दी है। यह सत्र सुबह 11 बजे से राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। इस बार बजट का आकार 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक होने की संभावना है, जो पिछले बजट से करीब 10 हजार करोड़ रुपए ज्यादा होगा।
पहली बार बजट पेश करेंगे CM नायब सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पहली बार बजट पेश करेंगे। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 2024-25 के लिए 1.89 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया था। नायब सैनी को अपने पिछले कार्यकाल में बजट पेश करने का मौका नहीं मिला था, लेकिन इस बार वे अपनी टीम के साथ आगामी बजट पर मंथन कर रहे हैं।
बजट के लिए आम जनता से सुझाव मांगे
इस बार सरकार ने ऑनलाइन सुझाव मांगकर बजट को सर्वहितकारी बनाने की पहल की है। सरकार ने उद्यमियों, विशेषज्ञों और आम नागरिकों से आर्थिक, आधारभूत और सामाजिक सुधारों पर सुझाव लिए हैं। इन सुझावों के आधार पर मुख्यमंत्री विधायकों, सांसदों और विशेषज्ञों के साथ बैठक कर बजट प्रस्तावों को अंतिम रूप देंगे।
किसानों, गरीबों और कर्मचारियों पर रहेगा फोकस
बजट में गरीब कल्याण और अंत्योदय उत्थान योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सभी विभागाध्यक्षों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 2024-25 के बजट में आवंटित राशि का सही इस्तेमाल मार्च तक सुनिश्चित किया जाए।
गांवों और बुनियादी ढांचे के विकास को मिलेगा बढ़ावा
हरियाणा की 70% आबादी गांवों में रहती है, इसलिए इस बजट में ग्रामीण विकास पर ज्यादा ध्यान दिए जाने की संभावना है। सरकार नई योजनाओं की घोषणा कर सकती है, जिससे बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा सके।
बजट सत्र को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में नायब सैनी का बजट राज्य के विकास में कितना प्रभावी साबित होता है।



