“हम डरते नहीं, हमें निशाना बनाया जा रहा है”: ईडी पूछताछ पर गरजे रॉबर्ट वाड्रा

नई दिल्ली, 16 अप्रैल: गुरुग्राम भूमि मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ का सामना कर रहे व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा मंगलवार को पत्नी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के साथ दूसरी बार ईडी दफ्तर पहुंचे। पूछताछ से पहले वाड्रा ने बयान दिया, “हम किसी से डरते नहीं हैं…हमें इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि हम प्रासंगिक हैं।”
वाड्रा ने बताया कि वे इस केस में पहले ही 15 बार पेश हो चुके हैं और 23,000 से अधिक दस्तावेज जमा कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “2019 में इन्हीं सवालों के जवाब दिए थे, अब वही दोहराए जा रहे हैं। यह एजेंसियों के दुरुपयोग का उदाहरण है।”
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पहले ही उन्हें क्लीन चिट दे चुके हैं।
देश छोड़ने की अटकलों पर उन्होंने कहा, “मैं कहीं भागने वाला नहीं हूं। मेरे पास छिपाने को कुछ नहीं है।”
फेसबुक पोस्ट में वाड्रा ने लिखा, “मैं सत्य में विश्वास करता हूं और सत्य की जीत होगी।”
उन्होंने केंद्र सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध और संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।



