
खरखौदा : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जो सशक्त, समृद्ध तथा आत्मनिर्भर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनना चाहता है, सरकार हर उस हरियाणवी के विकास के लिए सुशासन और पारदर्शिता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने रविवार को खरखौदा में विकास रैली को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सोनीपत के गांव सोहंटी और थाना कलां में 2 उप-स्वास्थ्य केंद्रों का शिलान्यास भी किया। इन दो विकास परियोजनाओं पर 1 करोड 10 लाख रुपए की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने खरखौदा में घोषणाओं की झड़ी लगाई और खरखौदा के विकास के लिए अलग से 5 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। खरखौदा शहर में थाना चौक व दिल्ली चौक का सौंदर्यकरण किया जाएगा और मुख्य पार्क के लिए 8 करोड़ रुपए व स्टेडियम के जीर्णोद्वार के लिए 3.50 करोड रुपए देने की घोषणा की। शहर में कूडे के निपटान के लिए 8 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से प्लांट लगेगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहर में डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। शहर में पीने के पानी के लिए 26 करोड़ 46 लाख रुपए की लागत से परियोजना का कार्य चल रहा है जो दिसम्बर 2026 तक पूर्ण हो जाएगा। इसके अलावा भूमि उपलब्ध होने पर रेस्ट हाउस व मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाई जाएगी। खरखोदा विधानसभा क्षेत्र में पीडब्लूडी की 45 किलोमीटर लम्बाई की 9 सड़कों पर 28.30 करोड रूपए खर्च होंगें। इसी प्रकार 35 किलोमीटर लम्बाई की 6 सड़कों की मुरम्मत करवाई जाएगी। 175 किलोमीटर लम्बाई की 42 सड़के तथा मार्केटिंग बोर्ड की 31 किलोमीटर लम्बाई की सड़कों को डीएलपी के तहत ठीक करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 465 लाख रुपए की लागत से 20 किलोमीटर लम्बाई की 7 सड़कों की रिपेयरिंग भी करवाई जा रही है और मुख्यमंत्री ने 25 किलोमीटर के कच्चे रास्तों को पक्का करवाने की भी घोषणा की।
विकास रैली को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संकल्प पत्र अनुसार जल्द ही 2 लाख युवाओं को नौकरियां दी जाएगी जिसमें से 34 हजार युवाओं को नौकरियां दी जा चुकी है। नव वर्ष पर पुलिस व अन्य विभागों में युवाओं के लिए नौकरियां निकाली जाएगी।
नायब सरकार जनता की सरकार : अरविन्द शर्मा
विकास रैली को सम्बोधित करते हुए हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा ने कहा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनने का श्रेय खरखौदा, गोहाना और आसपास के क्षेत्रों की जनता को जाता है, जिन्होंने केवल वोट ही नहीं दिया बल्कि सकारात्मक माहौल बनाकर भाजपा की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने नायब सरकार को जनता की सरकार बताते हुए कहा कि यह अपनी सरकार है, जिसमें हर वर्ग का पूरा अधिकार और सहभागिता है। उन्होंने गोहाना क्षेत्र के लिए 68 करोड़ रुपये की सीवरेज एवं पेयजल परियोजनाओं की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
वायदों को रिकार्ड समय में करेगी पूरा : कौशिक
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-जन के सुख दुख में सहभागी बनकर प्रदेश के विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा बहुत कम समय में संकल्प पत्र में शामिल वायदों को पूरा कर दिखाया है, जिनमें बहनों को लाडो लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 2100 रूपये की सहायता तथा 500 रूपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना जैसे जनकल्याणकारी निर्णय शामिल हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार जल्द ही शेष वायदों को भी पूरा कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
इस अवसर पर सोनीपत से विधायक निखिल मदान, गनौर से विधायक देवेंद्र कादियान, नगर निगम के मेयर राजीव जैन, भाजपा सोनीपत जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, गोहाना भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया सहित अन्य गणमान्य, अधिकारीगण व बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।



