हरियाणा एग्जिट पोल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत
-10 साल बाद वापसी का अनुमान

चंडीगढ, हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान समाप्त होने के साथ ही आए एग्जिट पोल के नतीजों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान है। एनडीटीवी के पोल ऑफ पोल्स के अनुसार कांग्रेस जबरदस्त वापसी कर सकती है। कांग्रेस पार्टी को 49-61 सीटें मिलने का अनुमान है। एग्जिट पोल के अनुसार, राज्य में हैट्रिक बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 20-32 सीटें जीत सकती है। राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक संपन्न हो गया। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी, लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल के जरिए राजनीतिक दलों की संभावित स्थिति का अंदाजा लगाया जाएगा। हरियाणा में मुख्य टक्कर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस के बीच मानी जा रही है।
न्यूज 24 ने हाल ही में संपन्न हरियाणा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को 55-62 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 18-24 सीटें मिलने का अनुमान है, जो 90 सदस्यीय सदन में बहुमत के 46 के आंकड़े से काफी कम है। पोलस्टर्स ने हरियाणा चुनावों में जननायक जनता पार्टी (जजपा) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) गठबंधन के प्रभाव को कम करके आंका है, और भविष्यवाणी की है कि वे तीन से अधिक सीटें नहीं जीतेंगे। टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस को 50-64 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। पार्टी एक दशक के बाद राज्य में मजबूत वापसी कर सकती है।
रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज पोल
कांग्रेस : 55-62 सीटें
भाजपा : 18-24 सीटें
पीपुल्स पल्स पोल
कांग्रेस : 44-54 सीटें
भाजपा : 15-29 सीटें
अन्य : 4-9 सीटें
दैनिक भास्कर पोल
कांग्रेस : 44-54 सीटें
भाजपा : 15-29 सीटें
अन्य : 4-9 सीटें
ध्रुव रिसर्च पोल
कांग्रेस : 50-64 सीटें
भाजपा : 22-32 सीटें
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया जीत का दावा
हरियाणा के लिए एग्जिट पोल के पूर्वानुमानों पर टिप्पणी करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “मेरा मानना है कि हम लगभग 65 सीटें जीतेंगे और कांग्रेस निर्णायक बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।” वहीं, हरियाणा में भाजपा को कठिन राह का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि पोलस्टर्स का अनुमान है कि पार्टी अपनी पिछली सीटों से आधी भी नहीं जीत पाएगी, संभवतः 20 सीटों से नीचे गिर सकती है।
इन दिग्गजों की किस्मत दांव पर
इस चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा के अनिल विज और ओपी धनखड़, कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विनेश फोगाट, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अभय सिंह चौटाला और जननायक जनता पार्टी (जजपा) के दुष्यंत चौटाला शामिल हैं।
पिछली बार कैसे थे एग्जिट पोल
पिछले विधानसभा चुनावों में, ज्यादातर पोल ने भाजपा की निर्णायक जीत की भविष्यवाणी की थी। इंडिया टुडे ने भाजपा को 38, कांग्रेस को 36 और अन्य दलों को 8 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। इसी तरह, एबीपी-सी वोटर ने भाजपा को 72 और कांग्रेस को 8 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था, जबकि न्यूज 18-आईपीएसओएस ने भाजपा को 75 और कांग्रेस को 10 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। हालांकि, चुनाव के परिणामस्वरूप त्रिशंकु विधानसभा बनी, जिसमें किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला। भाजपा ने अंततः जजपा और कई निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई।



