ED की बड़ी कार्रवाई: व्यूनाउ मार्केटिंग और बिग बॉय टॉयज सहित कई कंपनियों की 178 करोड़ की संपत्तियां कुर्क
ED की बड़ी कार्रवाई: व्यूनाउ मार्केटिंग और बिग बॉय टॉयज सहित कई कंपनियों की 178 करोड़ की संपत्तियां कुर्क
पंजाब के जालंधर में एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) की टीम ने व्यूनाउ मार्केटिंग सर्विसेज लिमिटेड, बिग बॉय टॉयज और अन्य कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के तहत PMMLA 2002 के प्रावधानों के तहत 6 अचल संपत्तियों, 73 बैंक खातों और 26 लक्जरी वाहनों को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है। जब्त संपत्तियों की कुल मार्केट वैल्यू करीब 178.12 करोड़ रुपए आंकी गई है।
17 से 20 जनवरी तक हुई ED की सर्च
ईडी ने 17 से 20 जनवरी के बीच व्यूनाउ मार्केटिंग सर्विसेज लिमिटेड, बिग बॉय टॉयज और उससे जुड़ी कंपनियों मंडेशी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, प्लैंकडॉट प्राइवेट लिमिटेड, बाइटकैनवास एलएलपी, स्काईवर्स और स्काईलिंक नेटवर्क के खिलाफ छापेमारी की थी।
इस दौरान ED ने एक लैंड क्रूजर (2.20 करोड़), मर्सिडीज जी-वैगन (4 करोड़), 3 लाख रुपए कैश, आपत्तिजनक दस्तावेज, रिकॉर्ड और डिजिटल डिवाइसेज जब्त किए।
निवेशकों को झांसा देकर किया फ्रॉड
ED की जांच में सामने आया कि व्यूनाउ मार्केटिंग सर्विसेज लिमिटेड ने अन्य कंपनियों के साथ मिलकर निवेशकों को क्लाउड पार्टिकल्स बेचने और उन्हें वापस लीज पर देने (SLB मॉडल) के नाम पर ज्यादा रिटर्न देने का झांसा दिया। जबकि कंपनी के पास इसके लिए कोई वास्तविक इन्फ्रास्ट्रक्चर नहीं था।
ED की शिकायत पर नोएडा के गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने BNS 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
लक्जरी वाहनों पर खर्च किया पैसा
गौरतलब है कि कंपनी ने इस अवैध इनकम का इस्तेमाल लक्जरी वाहनों की खरीद, शेल कंपनियों के माध्यम से फंड रूटिंग और संपत्तियों में निवेश के लिए किया। जब्त वाहनों में दो मर्सिडीज जी-वैगन, एक्सयूवी लेक्सस, रेंज रोवर, रूबीकॉन, ऑडी आर-8 और रेंज रोवर स्पोर्ट्स जैसी महंगी कारें शामिल हैं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले 26 नवंबर 2024 को भी ED ने PMLA, 2002 के तहत व्यूनाउ मार्केटिंग और संबंधित संस्थाओं के परिसरों में तलाशी ली थी। अब ED ने 178.12 करोड़ की संपत्तियों को कुर्क कर लिया है।
आगे की कार्रवाई जारी
ED मामले की गहराई से जांच कर रही है और संबंधित कंपनियों के फंड मूवमेंट, संपत्तियों और लेनदेन की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। आने वाले समय में और भी बड़ी कुर्की और गिरफ्तारी हो सकती हैं।



