अम्बाला छावनी में ईएसआईसी का 100 बिस्तरों के अस्पताल का होगा निर्माण : अनिल विज
अम्बाला छावनी : हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा 100 बिस्तरों का अत्याधुनिक अस्पताल स्थापित किए जाने का मार्ग अब पूरी तरह से प्रशस्त हो गया है। यह अस्पताल श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए एक संजीवनी साबित होगा, क्योंकि इससे उन्हें बेहतर और नज़दीक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
अनिल विज ने चंडीगढ में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) को आगामी 16 दिसंबर, 2025 तक सेक्टर-33 (भाग-1), अंबाला कैंट में प्रस्तावित स्थल के आवंटन संबंधी औपचारिक पत्र (ऑफ़र लेटर) सटीक लागत के साथ जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके पश्चात् ईएसआईसी द्वारा भूमि भुगतान कर अस्पताल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
साहा औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कामगारों को मिलेगा लाभ
श्रम मंत्री ने कहा कि छावनी व साहा औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-33 के साथ ही स्थित है, जहाँ हजारों श्रमिक कार्यरत हैं। इन सभी बीमित कर्मचारियों और उनके आश्रितों को इस अस्पताल से सीधा लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने इस परियोजना को अंबाला छावनी और आसपास के क्षेत्रों और समीपवर्ती जिलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए पिछले काफी समय से लगातार केंद्र सरकार और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं। इस अस्पताल की स्थापना अंबाला के बीमित समुदाय के लिए बेहतर, समयबद्ध और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बीमित श्रमिकों को मिलेंगी ये सुविधाएं
उन्होंने बताया कि अस्पताल में सभी अत्याधुनिक सुविधाएँ, जैसे कि मेडिसिन, सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग, अस्थि रोग, ईएनटी, नेत्र रोग, त्वचा रोग, मनोरोग और आपातकालीन चिकित्सा जैसी प्रमुख सेवाएं प्रदान करेगा। अस्पताल में 24×7 आपातकालीन व ट्रामा केयर, आधुनिक आईसीयू, उन्नत जांच सुविधाएँ, तथा इन-पेशेंट, आउट-पेशेंट और डे-केयर सेवाएँ उपलब्ध रहेंगी, ताकि बीमित व्यक्तियों को समय पर और उचित उपचार मिल सके।



