Haryana

खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेश नागर का काकरू स्थित गौतम पेट्रोल पम्प पर औचक निरीक्षण

अम्बाला, 23 सितंबर: खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री राजेश नागर ने मंगलवार को अम्बाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अम्बाला शहर के नजदीक स्थित काकरू के गौतम पेट्रोल पम्प का अचानक निरीक्षण किया। दिल्ली से चंडीगढ़ लौटते समय सड़क मार्ग से गुजरते हुए मंत्री ने पेट्रोल पम्प पर मशीनों की जांच करते हुए नोजल के माध्यम से पेट्रोल के पैमाने की सटीकता को चेक किया।

मंत्री राजेश नागर ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि लगभग 14 नोजल के माध्यम से पेट्रोल की मात्रा और पैमाने की जांच की गई है और सभी मशीनें सही माप पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पम्प पर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, अग्निशमन यंत्र जैसी व्यवस्थाएं भी पूरी तरह से मौजूद और संतोषजनक पाई गई हैं।

राजेश नागर ने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल पम्प पर सभी नियमों और आवश्यक निर्देशों का पालन किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सही मात्रा में ईंधन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के औचक निरीक्षण उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं और भविष्य में भी यह जारी रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान मापतौल विभाग के इंस्पेक्टर दलीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button