Chandigarh

हरियाणा दिवस पर प्रदेश की महिलाओं को ‘लाडो लक्ष्मी’ की सौगात

हरियाणा दिवस के विशेष अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत पात्र 5,22,162 महिला लाभार्थियों को 2100-2100 रुपये की राशि जारी की। इन महिलाओं को 109 करोड़ 65 लाख 40 हजार 200 रुपए का लाभ मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘गारंटी’ और मुख्यमंत्री नायब सैनी के संकल्प’ प्रदेश में परिवर्तन की नई गाथा लिख रहे हैं। इसी कड़ी में महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह पहल सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि डबल इंजन सरकार की स्पष्ट नीति और साफ नीयत की एक अनुपम झलक है।

मुख्यमंत्री शनिवार को हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव भी उपस्थित रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 21 महिला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए।

नायब सैनी ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय के 109 वें जन्मदिवस के अवसर पर 25 सितंबर को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ ऐप का शुभारंभ किया गया था। इस ऐप पर 31 अक्तूबर, 2025 की मध्यरात्रि तक कुल 6,97,697 महिलाओं ने सफलतापूर्वक आवेदन किया, जिनमें से 6,51,529 विवाहित तथा 46,168 अविवाहित हैं। 30 अक्तूबर की मध्यरात्रि से 31 अक्तूबर की मध्यरात्रि तक की 24 घंटे की अवधि में ही लगभग 37,735 नए आवेदन प्राप्त हुए थे, जो इस योजना की लगातार बढ़ती लोकप्रियता और जन-स्वीकृति का स्पष्ट प्रमाण है।

अभी एक लाख वार्षिक आया सीमा

उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ 23 वर्ष या इससे अधिक आयु की वे सभी महिलाएं ले सकती हैं, जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। इस योजना का विशेष पहलू यह है कि परिवार की सभी पात्र महिलाएं इस योजना का लाभ ले सकती हैं। इस योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है। आवेदन ‘लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप’ के माध्यम से किसी भी स्थान से किसी भी समय सरलता से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गत रात्रि 12 बजे तक सफलतापूर्वक आवेदन करने वाली महिलाओं की जो संख्या 6,97,697 में से 5,22,162 महिलाएं तब तक जांच उपरांत पात्र पाई गई थीं और उन्हें बधाई एसएमएस भेज दिया गया था। उनमें से उस समय तक 3,96,983 पात्र महिलाओं ने आधार केवाईसी का अंतिम चरण भी पूरा कर लिया था और शेष 1,75,179 महिलाओं के आवेदनों में यह उस समय तक लंबित था। इस प्रकार, आज इस योजना के तहत 5,22,162 पात्र बहन-बेटियों को 2100-2100 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे ही उनके बैंक खातों में जारी की।

इस अवसर पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा वित्तायुक्त डॉ सुमिता मिश्रा, सामाजिक न्याय, अधिकारिता अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अंत्योदय (सेवा) विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा, सूचना जनसंपर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक के मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव और राजस्व एवं आपदा विभाग के विशेष सचिव यशपाल, सेवा विभाग के निदेशक प्रशांत पंवार, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button