Haryana

हरियाणा में अपराध नियंत्रण पर सरकार सख्त, मुख्यमंत्री सैनी ने दी पुलिस को खुली छूट: डॉ. अरविंद शर्मा

हरियाणा सरकार ने प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार को गोहाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस को अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही के लिए पूरी तरह खुली छूट दे रखी है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि बीते एक माह में पुलिस द्वारा 58 इनामी बदमाश, 101 गैंगस्टर व उनके सहयोगी, तथा 178 जघन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। यह दर्शाता है कि सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में पुलिस महकमा, विशेषकर पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय रूप से निगरानी रखे हुए हैं और समय-समय पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि पिछली सरकारों की तुलना में वर्तमान सरकार में अपराध पर अधिक प्रभावी नियंत्रण देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा, “आज प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई में कोई ढील नहीं दी जा रही।”

डॉ. शर्मा ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की डिनर डिप्लोमेसी से जुड़े सवाल पर भी जवाब देते हुए कहा कि भाजपा के सभी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि किसी सामाजिक आयोजन में एक साथ भोजन करना, राजनीतिक मतभेद का संकेत नहीं माना जाना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button