
चंडीगढ़, 19 मई – हरियाणा सरकार ने राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति को बढ़ावा देने और फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘हरियाणा फिल्म नीति’ के अंतर्गत 6 फिल्मों के निर्माताओं को कुल 10 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। यह आयोजन चंडीगढ़ में आयोजित एक विशेष समारोह में संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री ने फिल्मों ‘छलांग’, ‘तेरा क्या होगा लवली’, ‘तेरी मेरी गल बन गई’, ‘फुफड़ जी’ को 2-2 करोड़ रुपये की सहायता दी, जबकि ‘दादा लखमी चंद’ को 1 करोड़ और ‘1600 मीटर’ को 50.70 लाख रुपये की राशि दी गई।
सरकार पंचकूला के पिंजौर और गुरुग्राम में दो फिल्म सिटी स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को फिल्म निर्माण का हब बनाने के लिए ‘सिंगल विंडो’ सिस्टम और पूरी तरह ऑनलाइन शूटिंग परमिशन प्रणाली लागू की गई है।
प्रसिद्ध अभिनेत्री मीता वशिष्ठ ने हरियाणवी संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की बात कही और सिंगल स्क्रीन थियेटरों को पुनः खोलने का सुझाव दिया।
हरियाणा फिल्म नीति के अंतर्गत फिल्मों की शूटिंग, संपादन और प्रदर्शन को बढ़ावा देकर राज्य को रोजगार के नए अवसर देने की योजना है।



