हरियाणा को मिला 2,000 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरियाणा को सीधे लाभान्वित करने वाली 2,000 करोड़ रुपये की दो प्रमुख विकास परियोजनाओं का भव्य उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने लगभग 11,000 करोड़ रुपये की छह राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया, जिनमें से दो परियोजनाएं हरियाणा को विशेष रूप से फायदा पहुंचाएंगी।
सोनीपत–बहादुरगढ़ के बीच बने 4-लेन संपर्क मार्ग, एनसीआर क्षेत्र को मिलेगी नई उड़ान
अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 परियोजना के तहत सोनीपत और बहादुरगढ़ के लिए दो नए 4-लेन संपर्क मार्ग बनेंगे, जो एनसीआर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे। इससे न सिर्फ ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, बल्कि निवेश, निर्यात और आयात की गति भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“आज का दिन हरियाणा और विशेषकर एनसीआर के विकास की कहानी में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा। ये परियोजनाएं प्रदेश को औद्योगिक और कृषि केंद्र के रूप में और मजबूत बनाएंगी।”
उन्होंने कहा कि कुंडली, सोनीपत, बहादुरगढ़, गुरुग्राम और मानेसर से दिल्ली एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी प्रदेश के विकास को नई दिशा देगी।
देश की आर्थिक प्रगति और आधारभूत ढांचे का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा,
“प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच और निर्णायक नेतृत्व के कारण भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अब तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। देशभर में मेट्रो, फ्रेट कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, पुल, बंदरगाह और एयरवेज के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हो रहा है।”
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतमाला, सागरमाला और पीएम गतिशक्ति जैसी योजनाओं के जरिए देश का आधारभूत ढांचा और अधिक संगठित और आधुनिक बनाया जा रहा है।
हरियाणा में अन्य बड़ी परियोजनाएं भी मिलीं सौगात
सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा को वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, रेल कोच रिपेयर फैक्ट्री, कुण्डली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम-सिकंदरपुर मेट्रो लिंक, रोहतक में देश का पहला एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, एम्स झज्जर और रेवाड़ी में एम्स जैसी परियोजनाओं से समृद्ध किया है। हाल ही में रिठाला से कुंडली तक मेट्रो कॉरिडोर की भी सौगात मिली है।
निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगा बड़ा बल
मुख्यमंत्री ने कहा,
“इन पहलों से प्रदेश में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी और हरियाणा का योगदान राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में और सशक्त होगा।”
समारोह में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।



