क्रिकेट विश्वकप विजेता शैफाली वर्मा का रोहतक में भव्य स्वागत

रोहतक: विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी शैफाली वर्मा का रविवार को रोहतक पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। शैफाली खुली जीप में सवार होकर पूरे शहर से गुजरती हुई अपने घर पहुंचीं।
सरकार की ओर से सम्मान
हरियाणा सरकार की तरफ से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, उपायुक्त सचिन गुप्ता, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, महापौर राम अवतार वाल्मीकि, पूर्व महापौर मनमोहन गोयल, एसडीएम आशीष कुमार और सांपला मार्केट कमेटी चेयरमैन उदय भान मलिक सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।
स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित समारोह में मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शैफाली को पगड़ी पहनाकर और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 12 नवंबर को शैफाली से मुलाकात करेंगे।
शैफाली ने दिया परिजनों को श्रेय
शैफाली वर्मा ने कहा कि विश्वकप में मिली इस सफलता का श्रेय उनके परिजनों और कोचों को जाता है। उन्होंने कहा,मेरे माता-पिता का आशीर्वाद और निरंतर समर्थन ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। सचिन तेंदुलकर से मुलाकात ने मेरे हौसले को और बढ़ाया।उन्होंने बताया कि विश्वकप के दौरान टीम ने रणनीति के साथ शांतचित्त होकर खेला और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की।



