CM नायब सिंह सैनी, बोले – ‘‘हर बूथ पर गूंजे PM मोदी की मन की बात’’

पंचकूला, 24 जून: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में आयोजित ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम को लेकर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में बड़ा संकल्प लेते हुए कहा कि “हरियाणा को विकसित बनाकर ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे।” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर बूथ पर 100 प्रतिशत ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम सुनवाएं और जनमानस को इससे जोड़ें।
मुख्यमंत्री सैनी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि “मन की बात केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है।” उन्होंने यह भी कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ता जनता के साथ संवाद करें, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें और हरियाणा को देश में नंबर-1 बनाने में भागीदार बनें।
कार्यशाला के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि “मन की बात कार्यक्रम सेवा, प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करता है।” उन्होंने पिछली बार प्रदेश के 17,663 बूथों पर कार्यक्रम सुनने और अपलोड करने की जानकारी देते हुए कहा कि इस बार 20,629 बूथों पर कार्यक्रम सुनाकर हरियाणा को नंबर-1 बनाना है।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री सैनी, प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सीएम सैनी ने कहा कि “हर कार्यकर्ता एक पौधा अपनी मां के नाम पर जरूर लगाए और दूसरों को भी प्रेरित करे।”
मुख्यमंत्री ने 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड न बनने की स्थिति में कार्यकर्ताओं से उन्हें सहायता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि “पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर मजबूत हुआ है और अब हम विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर हैं।”
कार्यशाला में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश आईटी प्रमुख आदित्य चावला, और “मन की बात” कार्यक्रम की प्रदेश टोली के सदस्य सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



