हरियाणा में ITI पाठ्यक्रम होगा अब उद्योगोन्मुखी, युवाओं को मिलेगा आधुनिक नौकरियों का प्रशिक्षण: डॉ. सुमिता मिश्रा

चंडीगढ़ | 14 मई 2025 : हरियाणा सरकार ने राज्य के युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विजन के अनुरूप ITI पाठ्यक्रम में व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं।
नए पाठ्यक्रम में AI, सॉफ्ट स्किल्स और उद्योग-केंद्रित मॉड्यूल्स को शामिल किया जाएगा, जिससे युवा आधुनिक नौकरियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें। डॉ. मिश्रा ने आईटीआई प्लेसमेंट डेटा के विश्लेषण का भी निर्देश दिया, ताकि प्रशिक्षण और रोजगार के बीच की खाई को समझा जा सके और लक्षित प्लेसमेंट रणनीति विकसित की जा सके।
इसके साथ ही, एक समर्पित डिजिटल पोर्टल तैयार करने की योजना है, जो कुशल युवाओं और उद्योगों के बीच टैलेंट मिलान को आसान बनाएगा। जल्द ही राज्य स्तरीय ITI ट्रेनिंग सम्मेलन भी आयोजित होगा, जिससे फैकल्टी को नवीनतम तकनीकों से अपडेट रखा जाएगा।
डॉ. मिश्रा ने हरियाणा सिंगल विंडो पोर्टल को ‘सरल’ पोर्टल से जोड़ने और एक नई लॉजिस्टिक्स व रिटेल नीति की भी घोषणा की, जो राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार को नई दिशा देगी।



