हरियाणा में कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट: पुलिस की छुट्टियां रद्द, 24 घंटे निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

चंडीगढ़ | 4 जुलाई 2025 : हरियाणा सरकार ने आगामी कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। यह यात्रा 11 जुलाई से प्रारंभ होगी, जिसमें लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाकर अपने गांवों व शहरों में जलाभिषेक करेंगे।
मुख्यमंत्री ने पुलिस, चिकित्सा, यातायात और प्रशासनिक विभागों को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। हर जिले को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यात्रा मार्गों पर शिविरों की स्थापना, मेडिकल सुविधा, पेयजल, और विश्राम स्थल की उचित व्यवस्था की जा रही है।
राज्य के सभी संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और मुख्य यात्रा मार्गों पर 24 घंटे निगरानी और गश्त के आदेश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं व्यवस्था की निगरानी करेंगे। महिला श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी को देखते हुए महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी असामाजिक तत्व की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और सांप्रदायिक तनाव की स्थितियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।



