
पंचकूला, 8 जुलाई – हरियाणा भाजपा ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए प्रदेश के 27 जिलों के लिए जिला पदाधिकारियों की सूची तैयार कर ली है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मंगलवार को पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय “पंचकमल” में हुई बैठक के बाद इसकी जानकारी दी।
इस बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला विशेष रूप से उपस्थित रहे। बड़ौली ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राष्ट्रीय नेतृत्व के परामर्श से तैयार की गई सूची को जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।
बैठक में आगामी गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। भाजपा इस पर्व को 10 जुलाई को पूरे प्रदेश में बूथ स्तर तक मनाएगी। बड़ौली ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता शिक्षा, धर्म, खेल और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े गुरुओं का सम्मान करेंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल भारतीय संस्कृति का सम्मान है, बल्कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक संगठित पहल भी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को जनसेवा के प्रति समर्पित बताया।



