Punjab

जालंधर में नशा तस्करों और ANTF के बीच हुई मुठभेड़, 2 बदमाश घायल; बाकी फरार

जालंधर: पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह जालंधर के नकोदर क्षेत्र के गांव गोरसिया में दबिश दी। इस दौरान पुलिस और नशा तस्करों के बीच सीधी मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों पक्षों से गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए जबकि उनके साथी मौके से फरार हो गए।

पुलिस को मिली सूचना के मुताबिक, कुख्यात नशा तस्कर सन्नी सिंह अपने साथियों के साथ गांव गोरसिया में भारी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी की तैयारी कर रहा था। सूचना के आधार पर ANTF ने सघन छापेमारी की योजना बनाई थी।

जैसे ही पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की, आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। मुख्य आरोपी सन्नी सिंह ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पुलिस पर जानलेवा हमला किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिससे एक बदमाश देविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार सन्नी सिंह और उसके साथियों पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने जैसे आरोप शामिल हैं।

पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और फरार आरोपियों की खोज जारी है। ANTF के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नशा तस्करों के खिलाफ की गई है।

साहसिक अभियान के दौरान किसी पुलिस जवान को कोई चोट नहीं आई है। पुलिस की कई टीमें छापेमारी में लगी हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button