एलपीजी सिलेंडर मिल नहीं रहे, ऑनलाइन बुकिंग हो नहीं रही -मुख्यमंत्री नायब सेनी ने की बैठक, कालाबाजारी पर नजर

चंडीगढ़: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का असर अब घरेलू गैस सप्लाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है, लोगों को सिलेंडर बुकिंग के लिए अब ज्यादा इंतज़ार करना पड़ रहा है, क्योंकि गैस एजेंसियों ने सिलेंडर बुकिंग का समय बढ़ा दिया है। वहीं लोगों को ऑनलाइन सिलेंडर बुकिंग के दौरान परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। साथ ही कमर्शियल गैस सिलेंडर मिल नहीं रहे जिससे परेशानी में इजाफा हो गया है और गैस एजेंसी के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
गैस एजेंसियों का कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय हालात के कारण गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी वजह से गैस सिलेंडर की एडवांस बुकिंग अचानक बढ़ गई है। पहले एक एजेंसी पर रोजाना करीब 300-400 सिलेंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन अब ये संख्या बढ़कर 800 तक पहुंच गई है। अब बुकिंग का समय बढ़ा दिया गया है और 25 दिनों के बाद ही सिलेंडर बुकिंग हो पा रही है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। कीमत बढ़ने के बावजूद उपभोक्ताओं की बुकिंग कम नहीं हुई है। लोग अपने पास एक्स्ट्रा सिलेंडर रखने की जुगत में लगे हुए हैं। वहीं गैस एजेंसियां कह रही हैं कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई में दिक्कत हैं, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर के मामले में कोई परेशानी नहीं है।
एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य
उधर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में वर्तमान में मिडिल ईस्ट में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी फैल रही अफवाहों की स्थिति पर चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू, महानिदेशक अंशज सिंह तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने अवगत करवाया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा 9 मार्च को जारी एक आदेश में प्राथमिक क्षेत्रों के लिए घरेलू एलपीजी की आपूर्ति तथा उसके समुचित एवं समान वितरण एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा – निर्देश जारी किये गए हैं। कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में प्राथमिकता शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों को दी जा रही है और शेष आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए ऑयल कंपनियां लगातार प्रयास कर रही हैं। सरकार द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि घरेलू एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे तथा किसी भी प्रकार की चोरी या कालाबाज़ारी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से राज्य के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति तथा पूर्ती नियंत्रकों को आवश्यक दिशा – निर्देश जारी कर दिए गए हैं।



