ambalaChandigarhHaryanaHimachalPunjab

विवादित पोस्ट मामला : मंत्री अनिल विज के भाई कपिल विज ने मांगी माफी

अम्बाला के श्री पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा में पंच साहिबान के आगे गलती स्वीकार की

आशीष श्रीवास्तव 
अम्बाला ।
“हनुमान जी का खालसा, हनुमान जी की फतेह” वाली विवादित पोस्ट मामले में कपिल विज ने गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब पहुंचकर मांगी माफी गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब, अंबाला में कपिल विज द्वारा पिछले दिनों सोशल मीडिया पर डाली गई उस विवादित पोस्ट के संबंध में संगत और पांच सिंह साहिबानों के सामने पेश होकर अपनी गलती स्वीकार की गई, जिसमें दसवें पातशाह साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज द्वारा बख्शी गई पवित्र फतेह “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” को तोड़-मरोड़ कर गलत तरीके से “हनुमान जी का खालसा, हनुमान जी की फतेह” लिखकर पेश किया गया था।
कपिल विज द्वारा इस गंभीर भूल के लिए लिखित रूप में श्री अकाल तख्त साहिब, समस्त खालसा पंथ, हरियाणा सिख संगत तथा समस्त गुरु नानक नाम लेवा संगत से क्षमा याचना की गई। उन्होंने कहा कि यह भूल उनसे अनजाने में हुई और वे इसके लिए दिल से पश्चाताप करते हैं।
इससे पहले भी कपिल विज द्वारा पंजाबी गुरुद्वारा साहिब, अंबाला छावनी में पहुंचकर अपनी गलती के लिए माफी मांगी गई थी, परंतु वह माफी पंथक मर्यादा और पांच सिंह साहिबानों की अगुवाई के बिना होने के कारण संगत द्वारा स्वीकार नहीं की गई थी।
इस मामले संबंधी दो दिन पहले गुरुद्वारा श्री मंजीसाहिब, अंबाला शहर में अंबाला शहर और छावनी की संगत, पंथक जत्थेबंदियों और नेताओं की एक विशेष बैठक हुई थी। बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया था कि कपिल विज को किसी ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में पांच सिंह साहिबानों की अगुवाई में पेश होकर अपनी भूल की क्षमा मांगनी होगी।
पांच दिनों तक जोड़ा घर में सेवा का आदेश
इसी फैसले के तहत आज कपिल विज गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने संगत के सामने विनम्रता सहित अपनी गलती मानते हुए क्षमा याचना की। पांच सिंह साहिबानों द्वारा कपिल विज को पांच दिनों तक नजदीकी गुरु घर में जाकर कीर्तन श्रवण करने तथा जोड़ा घर में सेवा करने का आदेश दिया गया। इसके साथ ही ग्यारह दिनों तक प्रतिदिन स्नान करके अमृत वेले आधा घंटा “वाहेगुरु” नाम का जाप करने की सेवा भी लगाई गई। यह सेवा पूर्ण होने के उपरांत 501 रुपये की देग गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में करवाकर अपनी माफी की अरदास करवाने का आदेश भी पांच सिंह साहिबानों द्वारा दिया गया।

लिखित रिपोर्ट अकाल तख्त साहिब को भेजी

इस पूरे प्रकरण संबंधी एक लिखित रिपोर्ट की प्रति तख्त श्री अकाल तख्त साहिब को भेजी गई है तथा बाकी जानकारी मीडिया के माध्यम से संगत के समक्ष सार्वजनिक की जाएगी। कपिल विज द्वारा पांच सिंह साहिबानों द्वारा लगाई गई समस्त धार्मिक सेवा और आदेशों को स्वीकार किया गया। इस मौके पर उपस्थित संगत, पंथक नेताओं और जत्थेबंदियों द्वारा गुरु घर की मर्यादा, पंथक एकता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही संगत से अपील की गई कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति गुरु साहिबानों द्वारा बख्शी गई पवित्र बाणियों, फतेह और पंथक मर्यादा के साथ छेड़छाड़ करने से परहेज करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button