मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक में पेश किया विजन डॉक्यूमेंट-2047

नई दिल्ली, 24 मई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य का महत्वाकांक्षी विजन डॉक्यूमेंट-2047 पेश किया। इस डॉक्यूमेंट के माध्यम से हरियाणा ने 2047 तक अपनी अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने और 50 लाख नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में सभी राज्यों को एकजुट होकर विकास की गति तेज करने पर जोर दिया और कहा कि जब हर राज्य विकसित होगा, तभी भारत विकसित होगा। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा की यह पहल प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य ने ‘डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर’ नामक नया विभाग स्थापित किया है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कम्प्यूटिंग, रोबोटिक्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाकर राज्य को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगा। साथ ही, हरियाणा ए.आई. मिशन की स्थापना और ‘फंड ऑफ फंड्स’ योजना के माध्यम से युवाओं के लिए नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।
सैनी ने कहा कि ‘मिशन हरियाणा-2047’ टास्क फोर्स के तहत राज्य में आधुनिक कौशल विकास और निवेश के लिए माहौल बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, 37 विभागों में 230 अधिनियमों में अपराधीकरण समाप्त करने के लिए ‘जन विश्वास विधेयक’ का मसौदा तैयार किया जा रहा है, जिससे शासन प्रणाली और अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी।
हरियाणा की प्रगति को दर्शाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश ने पीएम गति शक्ति योजना के तहत लगातार तीन वर्षों तक ‘अचीवर’ श्रेणी बनाए रखी है। राज्य सरकार जल्द ही ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सेल’ की स्थापना भी करेगी, जिससे निवेशकों के लिए और अनुकूल माहौल तैयार होगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में यह भी अनुरोध किया कि हरियाणा के विजन-2047 को राष्ट्रीय स्तर के विकसित भारत डैशबोर्ड में शामिल किया जाए ताकि राज्य और केंद्र की नीतियों में समन्वय बेहतर हो।
हरियाणा की यह पहल न केवल राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देगी, बल्कि पूरे भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।



