State NewsUttar-Pradesh

ट्रेन से गायब नवविवाहिता 6 दिन बाद बिहार में मिली, बोली- ‘नाराज होकर मौसी के घर चली गई थी’

केदारनाथ यात्रा से लौटते वक्त हुई थी लापता

asheesh srivastava
उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी नवविवाहित दंपती प्रज्ञा सिंह और मनीष अग्रहरि केदारनाथ धाम दर्शन के बाद देहरादून से गाजियाबाद लौट रहे थे। दोनों महानंदा एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। इसी दौरान 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह अचानक ट्रेन से लापता हो गईं। घटना के बाद पति मनीष अग्रहरि ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उत्तराखंड और यूपी पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुट गईं।
6 दिन बाद बेगूसराय से सामने आई लोकेशन
करीब छह दिन तक चली तलाश के बाद प्रज्ञा सिंह का पता बिहार के बेगूसराय में चला। प्रज्ञा ने खुद अपने पति को फोन कर बताया कि वह अपनी मौसी के घर पर सुरक्षित हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम बेगूसराय पहुंची और उन्हें अपने साथ लेकर उत्तराखंड के लक्सर कोतवाली पहुंची।
पूछताछ में तीसरे व्यक्ति की भूमिका से इनकार
प्रारंभिक पूछताछ में प्रज्ञा सिंह ने बताया कि वह किसी बात से नाराज होकर अपनी मर्जी से मौसी के घर चली गई थीं। उन्होंने किसी तरह के दबाव, अपहरण या तीसरे व्यक्ति की भूमिका से साफ इनकार किया है। पुलिस अब उनका विस्तृत बयान दर्ज कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
फरवरी में हुई थी लव मैरिज
प्रज्ञा सिंह और मनीष अग्रहरि दोनों कानपुर के नौबस्ता इलाके के रहने वाले हैं। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और इसी साल फरवरी में परिवार की सहमति से शादी की थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद दोनों पहली बार केदारनाथ यात्रा पर गए थे।
मुजफ्फरनगर के पास सीट से गायब मिलीं प्रज्ञा
मनीष अग्रहरि ने पुलिस को बताया कि हरिद्वार तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। इसके बाद उन्हें नींद आ गई। जब मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन के पास उनकी आंख खुली तो प्रज्ञा सीट पर नहीं थीं। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला तो उन्होंने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस बोली- विस्तृत बयान के बाद साफ होगी तस्वीर
देहरादून ग्रामीण के एसपी शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, पुलिस का पहला उद्देश्य महिला को सकुशल बरामद करना था, जो पूरा हो चुका है। अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की असली वजह बयान दर्ज होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button