Haryana

हरियाणा में महर्षि कश्यप जयंती पर मुख्यमंत्री नायब सैनी की बड़ी घोषणाएं, सरकारी संस्थान का नाम महर्षि के नाम पर होगा

कुरुक्षेत्र | 23 मई 2025 :  हरियाणा में गुरुवार को राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। लाडवा (कुरुक्षेत्र) में आयोजित इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कई अहम घोषणाएं कीं, जिससे कश्यप समाज में उत्साह की लहर दौड़ गई है।

मुख्यमंत्री सैनी ने घोषणा की कि राज्य में एक सरकारी संस्थान का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही कुरुक्षेत्र और कपाल मोचन में स्थित कश्यप राजपूत धर्मशालाओं के विस्तार के लिए 21-21 लाख रुपये देने का ऐलान किया।

चौंक और धर्मशाला को मिलेगा नया नाम और स्थान

सीएम सैनी ने लाडवा में एक चौंक का नाम भी महर्षि कश्यप चौक करने की घोषणा की। इसके अलावा लाडवा, कुरुक्षेत्र या इंद्री में कश्यप धर्मशाला स्थापित करने के लिए जमीन चिन्हित कर फिजिबिलिटी जांच करवाने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि कश्यप समाज द्वारा रखी गई अन्य मांगों की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

“महर्षि कश्यप भारतीय संस्कृति के प्रकाश स्तंभ”

मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में महर्षि कश्यप को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का प्रकाश स्तंभ बताया। उन्होंने कहा, “महर्षि कश्यप ने ज्ञान, तप और अनुसंधान से मानवता को नई दिशा दी। कश्यप संहिता जैसे ग्रंथों की रचना कर उन्होंने समाज को मार्गदर्शन प्रदान किया।”

ऑपरेशन सिन्दूर का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुए “ऑपरेशन सिन्दूर” का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना की वीरता को सलाम किया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त किया गया और पूरी दुनिया भारतीय सेना के पराक्रम से अचंभित है।”

संत महापुरुषों के विचारों का हो रहा प्रचार

सैनी ने बताया कि ‘संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना’ के तहत सरकार समाज में समानता, भाईचारा और प्रेरणा के संदेश फैलाने में जुटी है। उन्होंने कहा, मिशन अंत्योदय के तहत गरीब परिवारों को मुख्यधारा में लाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

विधायक रामकुमार कश्यप ने रखा समाज की मांगों का मुद्दा

समारोह की अध्यक्षता कर रहे विधायक रामकुमार कश्यप ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कश्यप समाज के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि रामायण काल के राजा निषाद, भक्त प्रह्लाद और श्री गुरु गोबिंद सिंह के पंच प्यारों में भाई हिम्मत सिंह जैसे महापुरुष इसी समाज से हैं।

कार्यक्रम में विधायक जगमोहन आनंद, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, बीजेपी जिला अध्यक्ष तेजिंदर गोल्डी समेत कश्यप समाज के अनेक प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button