Chandigarh

ऑपरेशन शील्ड मॉक ड्रिल स्थगित, अब संभवतः 3 जून को होगी आयोजित

चंडीगढ़, 29 मई – केंद्र सरकार द्वारा पश्चिमी सीमा से लगते राज्यों में आज आयोजित की जाने वाली सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल ‘ऑपरेशन शील्ड’ को प्रशासनिक कारणों से फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह मॉक ड्रिल आज शाम 5 बजे पंजाब, राजस्थान, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत सीमावर्ती जिलों में आयोजित होनी थी।

सरकारी आदेश के अनुसार, सभी सिविल डिफेंस कंट्रोलर्स और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस स्थगन की सूचना संबंधित अधिकारियों और हितधारकों तक तुरंत पहुंचाएं। अगली तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी।

एनडीआरएफ प्रशिक्षण के चलते लिया गया निर्णय

पंजाब सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मॉक ड्रिल की तिथि इसलिए बदली गई है क्योंकि संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी इन दिनों राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) द्वारा संचालित सिविल डिफेंस प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अब यह मॉक ड्रिल संभवतः 3 जून को आयोजित की जा सकती है।

सुरक्षा कारणों से किया जा रहा है ऑपरेशन शील्ड

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सिविल डिफेंस रूल्ज, 1968 की धारा 19 के अंतर्गत प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए ऑपरेशन शील्ड मॉक ड्रिल का आयोजन करने का निर्णय लिया है। इस अभ्यास का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा तैयारियों को परखना और आपातकालीन स्थितियों में नागरिक और प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करना है।

यह दूसरा सिविल डिफेंस अभ्यास है; इससे पहले 7 मई को पहला अभ्यास किया गया था। आगामी ड्रिल में संवेदनशील क्षेत्रों, पुलिस थानों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों पर आपात सेवाओं को छोड़कर ब्लैकआउट, हवाई हमले के सायरन और अन्य आपदा संबंधी अभ्यास किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button