अमेरिका के लिए पार्सल सेवा अस्थायी रूप से बंद: 25 अगस्त से डाक बुकिंग पर लगेगा ब्रेक

भारतीय डाक विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए घोषणा की है कि 29 अगस्त 2025 से अमेरिका के लिए पार्सल भेजना अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। यह फैसला अमेरिका की ओर से लागू किए गए नए टैरिफ नियमों के चलते लिया गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय शिपमेंट की प्रक्रिया और जटिल हो गई है।
क्यों बंद हो रही है सेवा?
डाक विभाग ने बताया कि 25 अगस्त से ही अमेरिका के लिए अधिकांश डाक पार्सलों की बुकिंग रोक दी जाएगी। इसकी वजह है कि अमेरिका के सीमा शुल्क विभाग (CBP) द्वारा बनाए गए नए नियम अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। इस असमंजस की स्थिति में न तो शिपमेंट प्रक्रिया तय है और न ही ड्यूटी कलेक्शन का कोई ठोस मैकेनिज़्म।
क्या है नया अमेरिकी नियम?
अमेरिका ने हाल ही में IEEPA (International Emergency Economic Powers Act) के तहत एक कानून लागू किया है। इसके अनुसार:
अब भारत से भेजे गए हर सामान पर कस्टम ड्यूटी लगेगी, चाहे उसकी कीमत कितनी भी हो।
100 अमेरिकी डॉलर तक के उपहार (गिफ्ट आइटम्स) इस शुल्क से मुक्त होंगे।
केवल गिफ्ट आइटम्स और दस्तावेज़ अस्थायी रूप से भेजे जा सकेंगे।
एयरलाइनों ने भी जताई असमर्थता
इन नए नियमों के बीच, एयरलाइन कंपनियों ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि 25 अगस्त के बाद वे भारत से अमेरिका के लिए कोई भी पार्सल स्वीकार नहीं करेंगी, क्योंकि उन्हें न तो तकनीकी रूप से तैयार किया गया है और न ही नियमों के अनुपालन की कोई स्पष्ट प्रक्रिया है।
क्या-क्या भेजा जा सकेगा?
25 अगस्त के बाद केवल निम्नलिखित वस्तुओं की बुकिंग की अनुमति होगी:
पत्र या दस्तावेज़
100 डॉलर तक के उपहार (गिफ्ट आइटम्स)
इन पर भी अंतिम निर्णय CBP और USPS से स्पष्टीकरण मिलने के बाद ही लिया जाएगा।
पहले से भेजे गए पार्सलों का क्या?
यदि किसी ग्राहक ने पहले ही ऐसा पार्सल बुक कराया है जो अब इन नए नियमों के कारण अमेरिका नहीं भेजा जा सकता, तो उसे डाक शुल्क का रिफंड दिया जाएगा। ग्राहक इसके लिए अपने नजदीकी डाकघर में आवेदन कर सकते हैं।
सेवाएं कब तक रहेंगी बंद?
डाक विभाग ने कहा है कि वह लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। जैसे ही नियमों को लेकर स्पष्टता आएगी और एयरलाइनों की तैयारी पूरी होगी, सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। विभाग ने ग्राहकों से हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हुए भरोसा दिलाया है कि सेवाएं जल्द बहाल की जाएंगी।



