उत्तर प्रदेश विधानसभा में स्वच्छता को लेकर सख्ती, अध्यक्ष सतीश महाना ने जताई नाराजगी

उत्तर प्रदेश विधानसभा में स्वच्छता को लेकर सख्ती, अध्यक्ष सतीश महाना ने जताई नाराजगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा की गरिमा और स्वच्छता को बनाए रखने के संकल्प को दोहराते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन में पान मसाला थूकने की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई।
आज विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले, विधानसभा मंडप के प्रवेश द्वार पर पान मसाला थूके जाने की सूचना मिलते ही अध्यक्ष महाना ने तत्काल वहां जाकर सफाई सुनिश्चित करवाई और इस अनुशासनहीन व्यवहार की कड़ी निंदा की।
इसके बाद, सदन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “विधानसभा केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि CCTV फुटेज में इस कृत्य का प्रमाण मौजूद है, लेकिन उनका उद्देश्य किसी सदस्य को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना नहीं है।
सख्त चेतावनी, खुद सामने आएं वरना होगी कार्रवाई
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से अपील की कि यदि भविष्य में वे किसी को ऐसा करते देखें, तो उसे वहीं रोकें और विधानसभा की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही, उन्होंने कहा कि जिसने यह अनुशासनहीन कार्य किया है, वह स्वयं आकर स्वीकार करे, अन्यथा उसे बुलाना पड़ेगा।
श्री महाना ने इस विषय पर जोर देते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश विधानसभा 25 करोड़ प्रदेशवासियों की आस्था और सम्मान का प्रतीक है। इसकी स्वच्छता और मर्यादा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
विधानसभा अध्यक्ष की इस सख्ती के बाद सदन में अनुशासन और स्वच्छता को लेकर एक नया संदेश गया है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।



