Haryana

कैबिनेट बैठक में बड़े फैसले: 22 अगस्त से शुरू होगा हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र, लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पोर्टल जल्द

चंडीगढ़ | मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई हरियाणा कैबिनेट बैठक में राज्यहित से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी मिली। बैठक में यह तय किया गया कि विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त से शुरू होगा। इसके साथ ही 21 एजेंडों में से 17 को स्वीकृति दी गई।

एचकेआरएन कर्मचारियों को मिली सेवा सुरक्षा

कैबिनेट में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) को मंजूरी दे दी गई है। इससे अब अनुबंध आधारित कर्मचारियों को अधिक सुरक्षा और स्थायित्व मिलेगा।

गन्नौर में बनेगी विश्व स्तरीय मंडी

गन्नौर में बनने वाली विश्व स्तरीय कृषि मंडी पर भी मुहर लगी है। इस प्रोजेक्ट पर 3000 करोड़ रुपये की लागत आएगी और नाबार्ड से 1850 करोड़ का ऋण राज्य सरकार की गारंटी पर मंजूर हुआ है। इस मंडी से न सिर्फ हरियाणा, बल्कि अन्य राज्यों के किसान भी लाभान्वित होंगे।

60 साल से ऊपर के पूर्व विधायकों को चिकित्सा भत्ता

राज्य सरकार ने पूर्व विधायकों के लिए भी एक बड़ा फैसला किया है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के पूर्व विधायकों को ₹10,000 प्रतिमाह चिकित्सा भत्ता देने की घोषणा की गई है।

जल्द आएगा ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का पोर्टल

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के लिए कार्य योजना तैयार कर ली गई है और इसके क्रियान्वयन के लिए जल्द ही पोर्टल लॉन्च किया जाएगा। यह योजना बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

कानून व्यवस्था पर सरकार का सख्त रुख

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर स्पष्ट किया कि सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपना रही है। पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और स्वतंत्र निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं।

विपक्ष पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष केवल झूठा प्रचार करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल चुनिंदा राज्यों पर सवाल उठाती है जबकि उनके खुद के शासित राज्य जैसे कर्नाटक, हिमाचल और तेलंगाना में भी गंभीर समस्याएं हैं। भाजपा सरकार हरियाणा में तीन गुना रफ्तार से विकास कार्यों को अंजाम दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button