गोंडा में दर्दनाक हादसा: नहर में समा गई बोलेरो, एक ही परिवार के 9 सदस्यों समेत 11 की मौत

गोंडा (उत्तर प्रदेश), 3 अगस्त 2025 : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से रविवार सुबह एक ऐसा हादसा सामने आया जिसने पूरे क्षेत्र को शोक और स्तब्धता में डुबो दिया। इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवा बहुता मजरा रेहरा के पास एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर सरयू नहर में गिर गई, जिसमें सवार 11 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 9 लोग एक ही परिवार से बताए जा रहे हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव से श्रद्धालुओं का एक समूह खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में जल चढ़ाने के लिए निकला था। श्रद्धालु बोलेरो गाड़ी में सवार थे। वाहन जैसे ही बेलवा बहुता मजरा रेहरा के पास पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे सरयू नहर में जा गिरी।
बोलेरो में थे 15 लोग, 4 की हालत गंभीर
बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे। हादसे में 11 की मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने शोर मचाकर ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में इटियाथोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज मुहैया कराया जाए और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए। साथ ही मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने का ऐलान भी किया गया है।



