हरियाणा में बिजली व्यवस्था को लेकर ऊर्जा मंत्री अनिल विज सख्त, अधिकारियों को रोजाना रिपोर्ट देने के निर्देश

चंडीगढ़, 14 जून 2025: हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने राज्य में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर सर्कल के अधीक्षण अभियंता (SE) को बिजली कटौती और आपूर्ति से संबंधित रिपोर्ट रोजाना ऊर्जा मंत्री कार्यालय में भेजनी होगी।
नई दिल्ली में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए विज ने कहा कि गर्मियों में लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी अधिकारी ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राज्य में 16 हजार मेगावाट बिजली की पूरी व्यवस्था
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि हरियाणा को गर्मियों में अधिकतम 16,000 मेगावाट बिजली की आवश्यकता होती है और राज्य सरकार ने उतनी ही बिजली आपूर्ति की पूरी व्यवस्था कर ली है।
ट्रांसफार्मर सुदृढ़ीकरण और ट्रांसफार्मर बैंक की व्यवस्था
विज ने बताया कि राज्य में ट्रांसफार्मर की मांग और क्षमता का अंतर खत्म करने के लिए सभी ट्रांसफार्मरों का सुदृढ़ीकरण (अगमेंटेशन) किया जा रहा है। इसके अलावा, हर सर्कल में ट्रांसफार्मर बैंक बनाए गए हैं ताकि आपात स्थिति में त्वरित समाधान हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर बदलने के लिए आवश्यक गाड़ियाँ और स्टाफ भी हर वक्त उपलब्ध रहें।
जनता को मिले निर्बाध बिजली
श्री विज ने चंडीगढ़ में हाल ही में हुई ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक का उल्लेख करते हुए दोहराया कि हर नागरिक को नियमित बिजली आपूर्ति मिलनी चाहिए और इस दिशा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



