कोरोना फिर दे रहा दस्तक: हरियाणा में 12 एक्टिव केस, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने दी सतर्कता बरतने की सलाह

चंडीगढ़, 27 मई 2025 — देशभर में एक बार फिर से कोरोना वायरस के मामलों में तेजी देखने को मिल रही है। केरल से लेकर दिल्ली और महाराष्ट्र से हरियाणा तक केस सामने आ रहे हैं। हरियाणा में अब तक 15 कोरोना केस सामने आ चुके हैं, जिनमें से 3 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 12 एक्टिव केस हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने जानकारी दी कि गुरुग्राम में 8, फरीदाबाद में 5, और यमुनानगर व करनाल में 1-1 केस मिले हैं। फरीदाबाद के 3 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल, एक मरीज गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती है, जबकि बाकी होम आइसोलेशन में हैं। अब तक रिपोर्ट में वैरियंट को माइल्ड बताया गया है, इसलिए अभी कोई नई एडवाइजरी जारी नहीं की गई है।
आरती राव ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ से बचें, मास्क पहनें और सेनिटाइजर का इस्तेमाल करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी अस्पतालों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सरकार ने आरटीपीसीआर किट, दवाइयों, और जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए नई मशीन का इंतजाम किया है। साथ ही 777 डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया भी तेज़ी से चल रही है, जिसमें से 560 डॉक्टर पहले ही नियुक्त हो चुके हैं।



