
अम्बाला/चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की राजनीति में अनिल विज को गब्बर के नाम से यूं ही नहीं जाना जाता, आखिरकार एक बार फिर राजनीति में अपने आप को धुरंधर साबित करते हुए अनिल विज ने यह बता दिया की राजनीति में उनका कोई सानी नहीं है। दो दिन की जद्दोजहद के बाद आखिरकार हाईकमान को विज के आगे सरेंडर करना ही पड़ा। 14 तारीख को जारी हुई अंबाला नगर परिषद के 32 वार्डों की लिस्ट में विज व उनके समर्थकों की नाराजगी थी, जिसको लेकर बीते दिनों विज के आवास पर इसकी मीटिंग भी हुई तथा जो नाम लिस्ट में नहीं भेजे गए थे उनके नाम लिस्ट में होने को चलते नारेबाजी भी की गई। शाम होते-होते विज ने यह कह दिया कि अभी वह इस बात पर कुछ नहीं कहना चाहते हालांकि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय अध्यक्ष को मेल कर इसकी जानकारी दी थी और पहली लिस्ट को होल्ड करवा दिया था। इसी के चलते हाईकमान को उनकी बात को सुनना पड़ा और मनाना भी पड़ा। हुआ यह कि रविवार दोपहर तक 32 वार्डों की लिस्ट में 9 वार्डों के उम्मीदवारों के नाम बदल दिए गए, भाजपा उम्मीदवारो की माने तो पुरानी लिस्ट में कुछ नाम ऐसे हैं जिन्होंने आवेदन भी नहीं किया था, जारी हुई नई लिस्ट में वार्ड नंबर 7, 8, 9, 19, 25, 27, 28,
31 और वार्ड नम्बर 32 शामिल है।
इनका बदला वार्ड
वहीं, वार्ड नंबर 28 से आशीष जायसवाल यहां से प्रत्याशी थे अब वह वार्ड नंबर 29 से प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। पहली लिस्ट में एक समाज की चर्चा बार बार हो रही थी कि इस 32 वार्डों की लिस्ट में किसी भी बनिया समाज के व्यक्ति को टिकट नहीं दी गई है, इसी बात की चर्चा के चलते अब नई लिस्ट में वार्ड 32 से निधि गर्ग और 28 से महेश चंद अग्रवाल को यहां से प्रत्याशी बनाया गया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि जो पहली लिस्ट और दूसरी लिस्ट में असमानता और प्रत्याशियों के नाम में अदला बदली हुई है तो वह भाजपा के लिए कितना कारगर साबित होती है, क्योंकि ऐसा पहली बार हुआ है कि इतनी खींचतान होने के बाद एक ही झंडे के नीचे प्रत्याशी एक दूसरे की कितनी मदद करते हैं।
विज की परीक्षा
सूत्रों की मांने तो जो भाजपा पार्टी में काफी वर्षों से सक्रिय सदस्य हैं उनको भी इस चुनाव की दावेदारी से दूर रखा गया है और उन्हें मांग करने के बावजूद भी उम्मीदवार नहीं बनाया गया, अब अनिल विज उन सभी को एक साथ लेकर कैसे चलते हैं यह तो चुनाव के नतीजे के बाद ही पता चलेगा। आपको बता दे की 2 मार्च को नगर परिषद अंबाला छावनी के चुनाव होने हैं जिसमें 32 वार्डो के प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं और भाजपा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए स्वर्णकौर का नाम घोषित हो चुका है और आने वाली 12 मार्च मतगणना के दिन यह साबित हो जाएगा कि ऊंट किस करवट बैठेगा।
इन प्रत्याशियों को बदला
वार्ड नं. पहले अब
7 शील नैन संजीव अत्री
8 रोहित गौड़ सोमनाथ
9 स्वाति कौशिक रेनू चौहान
19 गौरव सैनी पूजा सैनी
25 शालिनी सोनकर विकास सोनकर
27 विजय शिवाजीत काकरान
30 सुनील निदारिया नीतू
31 मीनू तुली शशि लौंगिया
32 सुनीता कपूर निधि गर्ग



